Good Friday 2026 Messages In Hindi: दुनिया भर में ईसाई धर्म के अनुयायियों के लिए गुड फ्राइडे (Good Friday) का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है. इस वर्ष यह दिन 3 अप्रैल 2026 को मनाया जा रहा है. मान्यता है कि ईसा मसीह ने मानवता को सही राह दिखाने और लोगों के पापों के प्रायश्चित के लिए अपना बलिदान दिया था. इसे 'ग्रेट फ्राइडे' (Great Friday), 'ब्लैक फ्राइडे' (Black Friday) और 'होली फ्राइडे' (Holy Friday) के नाम से भी जाना जाता है. इस अवसर पर श्रद्धालु उपवास रखते हैं और प्रार्थना सभाओं के माध्यम से प्रभु यीशु के संदेशों को याद करते हैं.
बाइबिल के अनुसार, ईसा मसीह को समाज में व्याप्त बुराइयों को खत्म करने और प्रेम का संदेश देने के कारण तत्कालीन शासकों के विरोध का सामना करना पड़ा था. उन पर लोगों को भड़काने के झूठे आरोप लगाए गए और शारीरिक व मानसिक यातनाएं देने के बाद उन्हें सूली (क्रॉस) पर चढ़ा दिया गया. जिस दिन यह घटना हुई वह शुक्रवार का दिन था, इसीलिए इसे 'गुड फ्राइडे' के रूप में मनाया जाता है.
कहा जाता है कि जब उन्हें क्रॉस पर लटकाया जा रहा था, तब भी उनके मन में शत्रुओं के प्रति द्वेष नहीं था. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा था, ‘हे प्रभु, इन्हें क्षमा करना, क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं.’
गुड फ्राइडे को मनाने की परंपरा चौथी शताब्दी से चली आ रही है. यह दिन आत्म-चिंतन, उपवास और प्रार्थना का होता है. इस दिन ईसाई समुदाय के लोग अक्सर काले कपड़े पहनकर चर्च जाते हैं और प्रभु यीशु के अंतिम सात वाक्यों की विशेष व्याख्या सुनते हैं. चर्चों में इस दिन घंटियाँ नहीं बजाई जातीं और माहौल अत्यंत गंभीर व शांतिपूर्ण रहता है. लोग अपने गुनाहों के लिए ईश्वर से क्षमा मांगते हैं और मानवता की सेवा का संकल्प लेते हैं.





धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, जब ईसा मसीह ने अपने प्राण त्यागे, तब प्रकृति में भी बड़े बदलाव देखे गए थे. बताया जाता है कि उनके बलिदान से पहले के अंतिम तीन घंटों में पूरे राज्य में घना अंधेरा छा गया था और तेज आंधी के साथ भारी वर्षा हुई थी. यह दिन उनके असीम धैर्य और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक माना जाता है.
गुड फ्राइडे के तीन दिन बाद 'ईस्टर संडे' मनाया जाता है. ऐसी मान्यता है कि सूली पर चढ़ाए जाने के तीसरे दिन प्रभु यीशु पुनः जीवित हो गए थे. इसलिए, जहाँ गुड फ्राइडे उनके बलिदान और शोक का प्रतीक है, वहीं ईस्टर संडे पुनर्जन्म और नई आशा की खुशी लेकर आता है.












QuickLY