देश की खबरें | पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के लिये जासूसी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के लिये जासूसी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शीर्ष खुफिया अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जयपुर, दो जुलाई पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के लिये जासूसी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शीर्ष खुफिया अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चुरू जिलों में ‘ऑपरेशन हिफाजत’ के तहत चलाए गए अभियान में कुल 23 संदिग्ध व्यक्तियों से संयुक्त रूप से पूछताछ की गई।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पाया गया कि इनमें तीन व्यक्ति हनुमानगढ़ के अब्दुल सत्तार, गंगानगर जिले के सूरतगढ़ के नितिन यादव और चूरू के राम सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में थे।
अधिकारी ने बताया कि ये तीनों पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को सामरिक महत्व की संवेदनशील सूचनाएं उपलब्ध करवा रहे थे और इस कार्य के बदले पाकिस्तानी हैंडलर से धनराशि भी प्राप्त कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ का निवासी अब्दुल सत्तार वर्ष 2010 से नियमित रूप से पाकिस्तान की यात्रा कर रहा था। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के स्थानीय एजेंट के रूप में कार्य कर रहा था।
अधिकारी ने कहा कि पूछताछ में अब्दुल सत्तार ने स्वीकार किया है कि भारत आने के बाद वह लगातार पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था तथा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों की फोटो साझा कर रहा था।
उन्होंने कहा कि सूरतगढ़ निवासी नितिन यादव पाकिस्तानी महिला एजेंट के हनीट्रैप में फंस कर सूरतगढ़ और महाजन फील्ड फायरिंग रेंज की सामरिक महत्व की सूचनाएं साझा कर धनराशि प्राप्त कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि तीनों व्यक्तियों के मोबाइल फोन में ऐसी कई महत्वपूर्ण सूचनाएं मिली हैं, जो सामरिक महत्व की हैं एवं प्रतिबंधित हैं। तीनों व्यक्तियों ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के हैण्डलर को ये जानकारियां उपलब्ध कराईं। महत्वपूर्ण सूचनाओं के बदले धनराशि प्राप्त किये जाने के प्रमाण भी मिले हैं।
तीनों व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ एवं तकनीकी जांच के बाद इनके विरुद्ध शासकीय गुप्तबात अधिनियम 1923 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2022 09:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

