पुडुचेरी में कोविड-19 के तीन नये मामले, चिंतित शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारियों ने दी चेतावनी
जमात

पुडुचेरी, 15 मई पुडुचेरी में शुक्रवार को तीन लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि होने के साथ केंद्र शासित प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इसके साथ ही राज्य के शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता भी बढ़ गई है।

स्वास्थ्य सचिव प्रशांत कुमार पांडा और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा के निदेशक एस मोहन कुमार ने पत्रकारों से कहा कि अगर नियमों का अनुपालन नहीं किया गया तो केंद्र शासित प्रदेश में और मामले आ सकते हैं।

पांडा ने बताया कि एक महिला, उसकी बेटी और औद्योगिक ईकाई में काम करने वाला कामगार महिला के कोरोना वायरस से संक्रमित पति के संपर्क में आए थे जिसकी वजह से कोविड-19 मरीजों की संख्या चार से बढ़कर सात हो गई है। इनमें एक मरीज कराइकल से है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें संदेश मिला है कि लोग अनुशासित नहीं हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यह तथ्य प्रकट करता है कि लोग सामाजिक दूरी और पृथकवास के नियमों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं। केंद्र शासित प्रदेश में बढ़े मामले लोगों के लिए चेतावनी है कि वे लॉकडाउन के नियमों का अनुपालन करें।’’

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि सरकार महामारी को दूर रखने के लिए प्रयास कर रही है। केंद्रशासित प्रदेश की सीमा तमिलनाडु के विल्लुपुरम और कडलूर से लगती है जहां पर कोविड-19 के बहुत अधिक मामले हैं और अगर लोग लॉकडाउन के नियमों जैसे सामाजिक दूरी, हाथ धोना, मास्क पहनना और अलग रहने का पालन नहीं करेंगे तो पुडुचेरी में मामले बढ़ने का खतरा है।

उन्होंने बताया कि अबतक 5,113 नमूने जांच के लिए भेजे गए है जिनमें से 4,963 नमूने के नतीजों में संक्रमण की पुष्टि नही हुयी है जबकि बाकी नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)