देश की खबरें | धसान नदी मे बाढ़ आने से तीन मजदूर बहे, ग्रामीणों ने बचाया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

छतरपुर, (मप्र) 27 अगस्त मध्यप्रदेश में छतरपुर जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर धसान नदी पर अचानक आई बाढ़ से बृहस्पतिवार सुबह गुजरात के तीन मजदूर बह गए।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ये मजदूर झांसी-मानिकपुर रेलवे लाइन पर दूसरे पुल के निर्माण के काम मे लगे थे। प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों मज़दूरों को एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

यह भी पढ़े | Monsoon Session: मानसून सत्र को लेकर बैठक, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दिए खास निर्देश.

नौगांव के तहसीलदार बीपी सिंह ने बताया कि हरपालपुर थाना क्षेत्र के चपरन गांव में मज़दूरों के नदी में बहने की सूचना मिलने पर वह स्वंय और पुलिस थाने के निरीक्षक याकूब खान अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद नदी में बहे तीनों मज़दूरों को बाहर निकाला जा सका।

उन्होंने बताया कि चपरन गांव के पास रेलवे पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। पिलर के काम मे लगे मजदूर अचानक नदी के पानी के तेज बहाव में बह गए।

यह भी पढ़े | कोरोना वायरस: पंजाब में शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन का ऐलान: 27 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सिंह ने बताया कि गुजरात के रहने वाले मजदूर लोकेश, शैलेश और प्रबीन लगभग 500 मीटर से अधिक दूरी तक नदी में पानी के तेज बहाव में बह गये। चपरन गांव के गोताखोर धुराम, मनीराम, रामदास, लवकुश और प्रकाश ने कड़ी मशक्कत कर इनको बचा लिया।

उन्होंने बताया की देर रात से ही तेज बारिश से धसान नदी पानी अचानक बढ़ गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)