देश की खबरें | नवी मुंबई में चार मंजिला इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत, दो लोगों को बचाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर सहित)
(तस्वीर सहित)
मुंबई, 27 जुलाई महाराष्ट्र में नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर इलाके में शनिवार तड़के चार मंजिला एक आवासीय इमारत के ढह जाने की घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा तड़के करीब चार बजकर 50 मिनट पर शाहबाज गांव में हुआ और दो घायलों को मलबे से निकाला गया।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में अधिक लोगों की जान जा सकती थी लेकिन सुबह इमारत में दरारें देखे जाने के बाद उसमें रह रहे 52 अन्य निवासियों को बाहर निकाल लिया गया था।
नवी मुंबई नगर निगम (एनएमएमसी) के आयुक्त कैलाश शिंदे ने बताया, ''आज तड़के चार मंजिला एक इमारत ढह गई, जिसमें 13 कमरे और तीन दुकानें थीं। इमारत ढहने के बाद मलबे में फंसे एक पुरुष और एक महिला को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।''
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और नगर निगम के दमकल कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू किया। दोपहर के करीब मलबे से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया जबकि कुछ घंटों बाद दो अन्य शव बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद मिराज अल्ताफ हुसैन (30), मिराज सैफ अंसारी (24) और शफीक अहमद रहमत अली अंसारी (28) के रूप में की गयी है। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।
नगर निगम आयुक्त के अनुसार, यह इमारत 10 साल पुरानी ही थी और घटना की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।
एनएमएमसी के मंडलीय दमकल अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने 'पीटीआई-' को बताया, ''तड़के वहां रह रहे कुछ लोगों ने इमारत में दरारें देखी थीं, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और 13 बच्चों सहित 52 निवासियों को इमारत से बाहर निकाल लिया। इसके तुरंत बाद ही इमारत ढह गई।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)