जम्मू, 13 जुलाई जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार को एक बस के सड़क से फिसलकर 200 फुट गहरी खाई में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और 24 घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 10:30 बजे भटयास के पास हुई, जब निजी मिनी बस भलेसा से थाथरी जा रही थी।
उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों को मौके पर ही एक महिला मृत मिली, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसमें एक अन्य महिला और बस के चालक शामिल हैं।
मृतकों की पहचान बशीरा बेगम (50), सलीमा बेगम (55) और बस चालक मोहम्मद आसिफ (25) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से आठ की हालत गंभीर बताई गई है और उनका इलाज डोडा के सरकारी मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।
बचाव अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY