देश की खबरें | पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़़ी में तीन लड़कियों के साथ छेड़खानी

जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), 26 अप्रैल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में छेड़खानी की तीन अलग-अलग घटनायें सामने आयी हैं, जिससे जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जिले के मयनागुड़ी में सोमवार को एक विकलांग लड़की को बांधकर कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी की गयी । पुलिस अधीक्षक देवर्षि दत्ता ने बताया कि घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी किशोरी का पड़ोसी है।

पुलिस ने बताया कि सोमवार की दोपहर 45 साल के एक शख्स ने चार साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने की कोशिश की । उन्होंने बताया कि यह घटना जलपाईगुड़ी सदर प्रखंड की है, जब पड़ोसी की बेटी उसके घर में खेल रही थी ।

बच्ची के परिवार ने आरोप लगाया कि जब वे अपराह्न करीब तीन बजे जलपाईगुड़ी महिला थाना गए तो उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिये रात 11 बजे तक इंतजार करना पड़ा ।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में बेलाकोबा पंचायत क्षेत्र में सोमवार शाम 60 वर्षीय एक व्यक्ति ने 16 वर्षीय एक लड़की से कथित तौर पर छेड़खानी की । उन्होंने बताया कि घटना के वक्त नौवीं कक्षा की छात्रा अपने घर में अकेली थी।

उन्होंने बताया कि उसकी चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद मां पहुंची तो आरोपी मौके से फरार हो गया । मंगलवार दोपहर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)