राजस्थान में कोविड-19 से तीन लोगों की मौत, 114 नये मामले सामने आए
राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को राजधानी जयपुर में दो और प्रतापगढ़ में एक संक्रमित व्यक्ति की मौत हुई है।
जयपुर, तीन मई राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत हो गई है। इस बीच 114 नये मामले आने से राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2886 हो गयी है।
राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को राजधानी जयपुर में दो और प्रतापगढ़ में एक संक्रमित व्यक्ति की मौत हुई है।
राज्य में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण से 71 लोगों की मौत हुई है, इनमें से अकेले 40 लोगों की मौत जयपुर में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।
उन्होंने बताया कि जयपुर में एक 52 वर्षीय व्यक्ति की सवाईमानसिंह चिकित्सालय में शनिवार को मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति मधुमेह और अन्य बीमारियों से पीड़ित था जबकि एक 85 वर्षीय महिला को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में मृत लाया गया था। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ के पीपलखूंट निवासी 35 वर्षीय एक युवक की मौत जिला अस्पताल में शनिवार को हो गई थी, वह फेंफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित था।
वहीं राज्य में रविवार रात नौ बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 114 नये मामले आए जिनमें चितौड़गढ़ में 40, जयपुर में 32, जोधपुर में 27, उदयपुर में पांच, अजमेर में तीन, कोटा—भरतपुर—प्रतापगढ़ में दो—दो, डूगंरपुर में एक नया मामला शामिल है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ-साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है।
राज्य में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 10:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

