जींद,10 मार्च हरियाणा के जींद में कथित रूप से गोलियां चलाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की रिश्तेदार को घायल करने को लेकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामराये निवासी अमरजीत, शिव कालोनी निवासी अंश एवं प्रवीण के रूप में हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि दो दिन पहले न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी के निवासी रवि ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की थी कि आठ मार्च को शिव कालोनी के अंश, उसके भाई हर्ष, दीपक, प्रवीण शर्मा ने तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चलाने से रोकने की रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की थी।
कुमार ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि शनिवार को जब रवि तथा उसका भाई नरेंद्र शर्मा (भाजपा कार्यालय प्रभारी) घर पर बैठे हुए थे, तभी अंश उर्फ लक्की शर्मा एवं तीन-चार अन्य लोग गाड़ी से आए और उन पर हमला कर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार हमलावरों ने गोलियां चलायीं लेकिन निशाना चूक जाने के कारण उसका छर्रा रवि की माता अर्चना शर्मा (47) को जा लगा और वह घायल हो गईं। घटना के बाद अंश अपने दोस्तों के साथ मौके से भाग गया।
पुलिस ने रवि की शिकायत पर अंश, हर्ष, प्रवीण, दीपक, प्रवीण शर्मा के खिलाफ विभिन्न संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें अदालत में पेश किया। अदालत ने अंश एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया जबकि प्रवीण एवं अमरजीत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि अमरजीत पर इससे पहले हत्या का प्रयास एवं शस्त्र अधिनियम के मामले दर्ज हैं। कुमार के मुताबिक अंश पर भी पहले से हत्या, मारपीट एवं शस्त्र अधिनियम के मामले दर्ज हैं।
सं
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY