देश की खबरें | विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोरखपुर जिले में पुलिस ने विदेश भेजकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गोरखपुर (उप्र), 10 फरवरी गोरखपुर जिले में पुलिस ने विदेश भेजकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर ने बताया कि पुलिस ने देवरिया जिले के खुर्शीद अंसारी एवं जमील खान तथा सिद्धार्थनगर जिले के दिनेश पासवान को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से 63 पासपोर्ट, एक लैपटॉप, दो मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड, दो एटीएम कार्ड, बिजनेस कार्ड, शॉपिंग कार्ड आदि बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार कुछ युवकों ने शिकायत की थी कि खोराबार इलाके में ‘स्काई ट्रेवल्स’ द्वारा विदेश में नौकरी का झांसा देकर उनसे ठगी की गई है। उन्होंने कहा कि स्काई ट्रैवल्स ने उनका पासपोर्ट और पैसा ले लिया एवं उन्हें वीजा और हवाई टिकट के साथ ऑफर लेटर दिया।
युवकों ने बताया कि जब वे एयरपोर्ट पहुंचे तो उनके टिकट कैंसिल मिले और स्काई ट्रेवल्स का कार्यालय भी बंद मिला। एसएसपी ने कहा कि आरोपियों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ थे।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गईं और जांच में पाया कि कार्यालय को बंद करने के बाद आरोपियों ने स्टार ट्रैवल्स के नाम से पिपराइच इलाके में एक और कार्यालय खोला एवं वहां लोगों को ठगना शुरू कर दिया।
एसएसपी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि धोखाधड़ी में दो अन्य लोग शामिल थे और पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।'
एसएसपी ने जालसाजों के झांसे में नहीं आने की सलाह देते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा अनुमोदित एजेंट/एजेंसियों के नाम भारत सरकार और विदेश मंत्रालय द्वारा आव्रजन के लिए आधिकारिक पोर्टल में उल्लिखित हैं।
सं आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 10, 2023 08:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

