देश की खबरें | फरीदाबाद में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद तीन हथियारबंद लुटेरे गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के फरीदाबाद में बृहस्पतिवार की देर रात एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन हथियारबंद लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
फरीदाबाद, एक सितंबर हरियाणा के फरीदाबाद में बृहस्पतिवार की देर रात एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन हथियारबंद लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 में हुई मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाश घायल हो गये और इस दौरान एक हेड कांस्टेबल को भी गोली लगी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में बीपीटीपी पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग छह सदस्यों के एक गिरोह का हिस्सा हैं और ये उत्तर प्रदेश के मोदीनगर से डकैती डालने के लिए यहां आए थे।
पुलिस ने बताया कि पुलिस उप निरीक्षक सुरेंद्र बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे सेक्टर 78 इलाके में एक पुलिस वाहन में छह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गश्त पर थे, इसी दौरान पुलिस टीम ने एक सुनसान जगह पर एक वैन खड़ी देखी।
उन्होंने बताया कि वाहन के बाहर तीन लोग खड़े थे। उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम तीनों के पास पहुंची और उनसे पूछताछ करने लगी, तो उनमें से एक ने शोर मचा दिया, जिसे सुनकर वैन के अंदर मौजूद तीन अन्य लोग वाहन लेकर भाग गए, जबकि बाहर के लोगों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं।
उन्होंने पुलिस टीम पर कई राउंड गोली चलायी, जिसमें हेड कांस्टेबल सुमित के पेट में गोली लग गई । उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें तीन बदमाश घायल हुए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद तीनों घायल लुटेरों को यहां बी के अस्पताल ले जाया गया, जबकि घायल हेड कांस्टेबल सुमित का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मोदीनगर के तिगड़ा गांव के निवासी दीपक, आकाश और मोंटी के रूप में की गई है, उनके कब्जे से तीन देशी पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने अपने अन्य साथियों के नाम मौजपुर निवासी सुधीर, जहांगीरपुरी निवासी नितिन बताया। इसके अलावा एक अन्य सुधीर का परिचित चालक है।
पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 186 (सार्वजनिक कार्य के निर्वहन में लोक सेवक को बाधा पहुंचाना), 332 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए जानबूझकर चोट पहुंचाना), 353 (लोक सेवक को रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) और 307 (हत्या का प्रयास), 427 (नुकसान पहुंचाना) और 34 (आपराधिक मंशा), तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है ।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी किसी डकैती को अंजाम देने के लिए फरीदाबाद आए थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीमें उनके फरार साथियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2023 10:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

