देश की खबरें | पूर्वी दिल्ली में युवक की हत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में 22 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या और उसके दोस्त को घायल करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में 22 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या और उसके दोस्त को घायल करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को देर रात हुयी।
पुलिस के अनुसार उसे देर रात करीब दो बजे इलाके में झगड़ा होने की सूचना मिली।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस टीम को खिचड़ीपुर के अभिमन्यु और अभिषेक घायल अवस्था में मिले। उन पर चाकू से वार किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां अभिमन्यु की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि कल्याणपुरी थाने में भादंसं की धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या की कोशिश) और 34 (साझा मकसद) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) दीपक यादव ने बताया कि इस घटना के संबंध में तीन आरोपी लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान मनीष (20), रोहित (21) और अर्जुन (19) के रूप में हुई है। ये तीनों त्रिलोकपुरी इलाके के रहने वाले हैं।
पुलिस ने कहा कि सोमवार को पीड़ितों ने किसी मुद्दे पर रोहित की पिटाई की थी। रोहित ने इसका बदला लेने के लिए अपने भाई मनीष और अन्य मित्रों को बुलाया और पीड़ितों पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार मनीष नोएडा के सेक्टर -8 में एक कपड़ा निर्यात कंपनी में काम करता है जबकि रोहित मजदूर है वहीं अर्जुन आईटीओ स्थित विकास भवन में सफाईकर्मी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2021 09:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

