देश की खबरें | मुंबई में रिलायंस अस्पताल और 'एंटीलिया' को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने जांच शुरू की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण मुंबई के सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर अस्पताल और उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर 'एंटीलिया' को बम से उड़ाने की धमकी दी। पुलिस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुंबई, पांच अक्टूबर दक्षिण मुंबई के सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर अस्पताल और उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर 'एंटीलिया' को बम से उड़ाने की धमकी दी। पुलिस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, फोन करने वाले शख्स ने मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने दक्षिण मुंबई के गिरगांव स्थित रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के लैंडलाइन नंबर पर पहले दोपहर 12.57 बजे और फिर शाम 5.04 बजे किसी अनजान नंबर से फोन किया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के एक प्रवक्ता ने कहा कि फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को उड़ाने की धमकी दी और मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी नीता अंबानी और दोनों बेटों आकाश और अनंत को जान से मारने की धमकी भी दी।
आरआईएल के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने 'एंटीलिया' को उड़ाने की भी धमकी दी। पुलिस में इस मामले की शिकायत दर्ज की गई है और हम पुलिस को सभी आवश्यक विवरण प्रदान कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ डी बी मार्ग पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और इस मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इस साल अगस्त में एक जौहरी को अस्पताल में फोन करने और उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की कथित धमकी देने के बाद गिरफ्तार किया गया था।
फरवरी 2021 में अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित आवास 'एंटीलिया' के पास विस्फोटकों से लदी एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) मिली थी।
बाद में घटना के सिलसिले में तत्कालीन पुलिस अधिकारी सचिन वाजे समेत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)