देश की खबरें | मुंबई में बीएसई भवन को बम से उड़ाने की धमकी झूठी पायी गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण मुंबई में स्थित प्रतिष्ठित ‘बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज’ (बीएसई) भवन को एक ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई, लेकिन परिसर की तलाशी लेने के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई।
मुंबई, 15 जुलाई दक्षिण मुंबई में स्थित प्रतिष्ठित ‘बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज’ (बीएसई) भवन को एक ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई, लेकिन परिसर की तलाशी लेने के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि बीएसई के एक कर्मचारी को रविवार को एक ईमेल आईडी से एक संदेश मिला, जिसमें दक्षिण भारत के एक नेता का नाम था।
उन्होंने बताया कि ईमेल में दावा किया गया था कि बीएसई भवन में चार आरडीएक्स (विस्फोटक पदार्थ) युक्त परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) लगाए गए हैं। इस ईमेल के जरिये सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे विस्फोट की चेतावनी दी गई थी।
बीएसई कर्मचारी ने स्टॉक एक्सचेंज अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिन्होंने तत्काल मुंबई पुलिस से संपर्क किया।
अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) की एक टीम बीएसई इमारत में पहुंची और तलाशी ली। उन्होंने बताया कि वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
मुंबई में 1993 के सिलसिलेवार बम धमाकों के दौरान बीएसई भवन भी निशाने पर था।
बीएसई ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ‘‘13 जुलाई की रात को बीएसई को एक अज्ञात आईडी से ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। एहतियात के तौर पर, बीएसई ने तुरंत अपने परिसर में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी और एक प्राथमिकी दर्ज कराई।"
बयान में कहा गया है, ‘‘सभी संबंधित अधिकारियों को उक्त ईमेल के बारे में सूचित कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध तत्व नहीं मिला है। शेयर बाजार का काम काज प्रभावित नहीं हुआ है और सामान्य रूप से जारी है।"
बीएसई ने मुंबई पुलिस और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को भी उनकी त्वरित प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 03:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

