देश की खबरें | माकपा के दिवंगत वरिष्ठ नेता बालकृष्णन को हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पोलित ब्यूरो के सदस्य एवं पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव कोडियेरी बालकृष्णन का पार्थिव शरीर लेकर एम्बुलेंस जैसे ही यहां तलश्शेरी पहुंची, टाउन हॉल परिसर हजारों लोगों के नारों से गूंज उठा, जो अपने प्रिय कॉमरेड को अंतिम विदाई देने के लिए जुटे थे।
कन्नूर, दो अक्टूबर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पोलित ब्यूरो के सदस्य एवं पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव कोडियेरी बालकृष्णन का पार्थिव शरीर लेकर एम्बुलेंस जैसे ही यहां तलश्शेरी पहुंची, टाउन हॉल परिसर हजारों लोगों के नारों से गूंज उठा, जो अपने प्रिय कॉमरेड को अंतिम विदाई देने के लिए जुटे थे।
पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस से बाहर निकालने के बाद, राज्य पुलिस ने बालकृष्णन को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया, जो राज्य के पूर्व गृह मंत्री भी थे और केरल में पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए जाने जाते थे। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपनी पार्टी के सहयोगी को लाल झंडे में लपेटा और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
तलश्शेरी शहर में रविवार को काफी भीड़ थी। विजयन, उनके कैबिनेट सहयोगी, पार्टी के वरिष्ठ नेता, अन्य राजनीतिक दलों के नेता, विभिन्न धर्मों के नेता और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता बालकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए प्रतीक्षा कर रहे थे। बालकृष्णन की पत्नी विनोदिनी और संतान बिनॉय एवं बिनीश सहित उनके परिवार के सदस्य भी इस मौके पर मौजूद थे। अपराह्न करीब सवा तीन बजे एंबुलेंस टाउन हाल पहुंची।
इससे पहले, हजारों लोग रविवार को कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से तलश्शेरी तक सड़क के दोनों ओर वरिष्ठ वाम नेता की अंतिम झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। बालकृष्णन का चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।
बालकृष्णन के पार्थिव शरीर को ले जाने वाली एंबुलेंस के साथ कार और मोटरबाइक समेत सैकड़ों वाहन थे। रास्ते में लोगों द्वारा श्रद्धांजलि देने के लिए पारदर्शी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी।
रास्ते में काफिला जैसे ही प्रत्येक स्थान पर पहुंचा, सैकड़ों लोगों ने दिवंगत वरिष्ठ वाम नेता को पुष्पांजलि अर्पित की।
बालकृष्णन के पार्थिव शरीर को अपराह्न में कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लाया गया। इस मौके पर हवाई अड्डे पर विजयन, एलडीएफ के संयोजक ई पी जयराजन और वरिष्ठ वाम नेता एस रामचंद्रन पिल्लई के साथ अन्य व्यक्ति मौजूद थे।
पार्थिव शरीर को लोगों द्वारा श्रद्धांजलि देने के लिए आधी रात तक यहां टाउन हॉल में रखा जाएगा।
बाद में, पार्थिव शरीर को कोडियेरी के मदापीदिका स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा और परिवार और रिश्तेदारों को श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्वाह्न 11 बजे तक वहां रखा जाएगा। वहां से पार्थिव शरीर को पाय्यम्बलम समुद्र तट पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से पहले माकपा कन्नूर जिला समिति कार्यालय ले जाया जाएगा।
राज्य सरकार के निर्देश पर, जिला पुलिस प्रमुख ने पार्थिव शरीर को हवाई अड्डे से तलश्शेरी तक ले जाने के लिए सुगम मार्ग सुनिश्चित किया था।
पुलिस को सार्वजनिक श्रद्धांजलि स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों की व्यवस्था करने और बालकृष्णन का पार्थिव शरीर उनके आवास लाये जाने पर बिगुल सलामी के साथ पुलिस सम्मान देने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस सोमवार को पाय्यम्बलम श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ सलामी भी देगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)