देश की खबरें | ...झूठ फैलाने निकले वो गांव-गली चौपालों में : अखिलेश यादव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में किसान सम्मेलन आयोजित करने का एलान किया तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भगवा पार्टी के इस अभियान पर तंज करते हुए ट्वीट कर उस पर निशाना साधा।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 13 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में किसान सम्मेलन आयोजित करने का एलान किया तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भगवा पार्टी के इस अभियान पर तंज करते हुए ट्वीट कर उस पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने हैशटैग ‘नहीं चाहिए भाजपा’ के साथ रविवार को ट्वीट किया “अमीरों के चारण बनकर जो बैठे हैं दरबारों में, झूठ फैलाने निकले वो गांव, गली, चौपालों में।''

यह भी पढ़े | कोरोना के जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटे में 382 नए केस, 505 मरीज हुए ठीक: 13 दिसंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

इसके पहले सपा की ओर से आज जारी एक बयान में अखिलेश यादव ने कहा “समाजवादी पार्टी किसानों की मांगों का समर्थन करती है और उसकी सहानुभूति किसानों के साथ है। समाजवादी पार्टी की 7 दिसम्बर से किसान यात्रा चल रही है और 14 दिसंबर को वह किसानों के समर्थन में सभी जिलों में धरना भी देगी।''

उन्‍होंने कहा है कि देश का किसान आंदोलित है और भारत सरकार उनके मन की बात सुनने के बजाय उन पर अपनी बात थोपने में लगी है। अखिलेश ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में बहुमत का रोडरोलर चलाकर अन्नदाता समुदाय की आवाज को कुचलने का कोई भी प्रयास उचित नहीं ठहराया जा सकता है।

यह भी पढ़े | Farmers Protest: हरियाणा के बाद उत्तराखंड के किसान कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मिले, कृषि कानूनों का किया समर्थन.

यादव ने कहा, ''यह तो सभी मानते हैं कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और अहंकारी भाजपा याद रखे यहां ‘प्रधान’ शब्द तक ‘कृषि’ के बाद आता है। सत्ताधारी न भूलें कि हमारे देश में किसान ही प्रथम है और प्राथमिक भी। किसान अपना हक मांग रहे हैं, वे दृढ़ निश्चयी हैं कि वे इसे लेकर रहेंगे।''

सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि सपा अध्‍यक्ष के निर्देश पर सात दिसंबर से प्रारंभ किसान यात्रा आज सातवें दिन भी जारी रही। हजारों समाजवादी कार्यकर्ताओं ने पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर तथा बैलगाड़ी से अपने जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में किसान यात्राएं निकालीं और लोगों को समाजवादी पार्टी की नीतियों से अवगत कराने के साथ किसानों की मांगों के प्रति समर्थन का भी भरोसा दिलाया।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन किसान यात्रा में शामिल नेताओं के घर दबिश डालने के साथ उनकी गिरफ्तारी कर रहा है तथा उन्हें नज़रबंद कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\