थामस और उबेर कप फिर से स्थगित, अब अक्ट्रबर में होंगे
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इन टूर्नामेंट का आयोजन 16 से 24 मई के बीच होना था लेकिन विश्व भर में फैली महामारी के कारण 20 मार्च को इन्हें 15 से 23 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया था।
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल थामस और उबेर कप फाइनल्स को कोविड-19 महामारी के कारण बुधवार को दूसरी बार स्थगित कर दिया गया और विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने अब इन दोनों वैश्विक टीम चैंपियनशिप का आयोजन तीन से 11 अक्टूबर के बीच डेनमार्क के आर्थस में करने का फैसला किया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इन टूर्नामेंट का आयोजन 16 से 24 मई के बीच होना था लेकिन विश्व भर में फैली महामारी के कारण 20 मार्च को इन्हें 15 से 23 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया था।
बीडब्ल्यूएफ ने बुधवार को फिर से इन टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया। उसने कहा कि सितंबर से पहले इनका आयोजन करना संभव नहीं है।
विश्व बैडमिंटन महासंघ ने बयान में कहा, ‘‘डेनमार्क सरकार का अपने देश में बड़े आयोजनों पर प्रतिबंध अगस्त के आखिर तक बढ़ाने के छह अप्रैल के निर्णय के बाद दोनों पक्ष इस पर सहमत थे कि इन चैंपियनशिप का आयोजन 15 से 23 अगस्त के बीच करना संभव नहीं होगा। ’’
इसमें कहा गया है, ‘‘बीडब्ल्यूएफ ने बैडमिंटन डेनमार्क, टूर्नामेंट के आयोजकों, स्पोर्ट इवेंट डेनमार्क और स्थानीय आर्थस सरकार के साथ विचार विमर्श के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि इसका अक्टूबर में आयोजन सर्वश्रेष्ठ समाधान होगा। ’’
बीडब्ल्यूएफ के महासचिव थामस लुंड ने कहा, ‘‘हमारी मुख्य प्राथमिकता खिलाड़ियों, स्टाफ, स्वयंसेवकों, जज और संपूर्ण बैडमिंटन समुदाय का स्वास्थ्य और सुरक्षा है। हमने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), विभिन्न स्वास्थ्य विशेषज्ञों, स्थानीय सरकार और डेनमार्क की सरकार की सलाह पर गौर किया और यह स्पष्ट हो गया कि बीडब्ल्यूएफ थामस और उबेर कप फाइनल्स सितंबर से पहले करना मुश्किल होगा। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि हम तीन से 11 अक्टूबर की नयी तिथियों में सुरक्षित और सफल चैंपियनशिप का आयोजन कर सकते हैं। ’’
बीडब्ल्यूएफ ने आल इंग्लैंड चैंपियनशिप (11 से 15 मार्च) के बाद महामारी के कारण अपने कई टूर्नामेंट स्थगित या रद्द कर दिये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 02:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

