देश की खबरें | यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण: शपथ के बाद उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के नए उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बुधवार को कहा कि यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है और उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने हमेशा लद्दाख सहित तीनों क्षेत्रों को साथ लेकर काम किया है।
श्रीनगर, 16 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के नए उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बुधवार को कहा कि यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है और उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने हमेशा लद्दाख सहित तीनों क्षेत्रों को साथ लेकर काम किया है।
जम्मू के पीर पंजाल क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले चौधरी ने कहा कि उमर अब्दुल्ला सरकार की प्राथमिकताएं कमियों को दूर करना है, बेरोजगारी, बिजली और पानी की समस्या जैसे मुद्दों का समाधान करना, अस्पतालों और स्कूलों के कामकाज में सुधार करना और पर्यटन संबंधी बुनियादी ढांचे का निर्माण करना है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा ‘दरबार मूव’ को फिर से शुरू करना होगा जो एक ऐसी व्यवस्था थी जिसके तहत राज्य सरकार जम्मू और श्रीनगर से छह-छह माह काम करती थी।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद चौधरी ने कहा, ‘‘यह पीर पंजाल के लोगों और खास तौर पर मेरे निर्वाचन क्षेत्र नौशेरा (राजौरी जिले में) के लिए गौरव का क्षण है... यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गर्व की बात। मैं इस सम्मान के लिए लोगों की ओर से (नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष) फारूक अब्दुल्ला और (मुख्यमंत्री) उमर अब्दुल्ला को धन्यवाद देता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नेकां के नेतृत्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जम्मू - कश्मीर दोनों ही संभाग उनके लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। यह वह नेतृत्व है जो राजनीतिक, धार्मिक और सांप्रदायिकता से ऊपर उठकर लोगों के लिए काम करता है, उन लोगों की तरह नहीं जो जम्मू के मुख्यमंत्री की बात तो कर रहे हैं, लेकिन पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र से उपराज्यपाल या राज्यपाल नियुक्त करने में विफल रहे हैं।’’
उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों से किया अपना वादा निभाएगी और जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘गृह मंत्री (अमित शाह) ने संसद में रिकॉर्ड पर राज्य का दर्जा बहाल करने (विधानसभा चुनावों के बाद) और जमीन तथा नौकरियों की सुरक्षा का वादा किया है। हम मनोनीत विधायक या मनोनीत सरकार नहीं हैं। हमें लोगों ने चुना है और इसलिए हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) और गृह मंत्री अपने वादे का मान रखेंगे और पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करके लोकतंत्र को मजबूत करेंगे।’’
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘देखते हैं वे अपना वादा पूरा करने में कितना समय लेते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)