ताजा खबरें | यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर अफवाहें फैलाकर देश के संविधान को राजनीतिक हथकंडे के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को ‘‘विकसित भारत’’ बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं।
गया, 16 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर अफवाहें फैलाकर देश के संविधान को राजनीतिक हथकंडे के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को ‘‘विकसित भारत’’ बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने राजद और कांग्रेस सहित विपक्षी नेताओं पर संविधान के साथ राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
बिहार के गया जिले में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘यह चुनाव ‘‘घमंडिया’’ गठबंधन के नेताओं को सजा देगा। यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को ‘‘विकसित भारत’’ बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं।’’
मोदी विपक्षी गठबंधन ‘‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’’ (‘‘इंडिया’’) को अक्सर ‘‘घमंडिया’’ गठबंधन कहते हैं।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) के संस्थापक जीतन राम मांझी गया लोकसभा सीट से राजग के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव ‘‘विकसित भारत’’ और ‘‘विकसित बिहार’’ के लिए है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगी मुझे अपमानित करने के लिए संविधान के नाम पर झूठ बोल रहे हैं। राजग संविधान का सम्मान करता है। मोदी और भाजपा तो क्या स्वयं बाबा साहेब आंबेडकर भी इस संविधान को नहीं बदल सकते हैं, इसलिए विपक्ष झूठ फैलाना बंद करे।’’
प्रधानमंत्री ने कहा ,‘‘ मोदी को देश का यह पद राजेंद्र बाबू और बाबा साहब अंबेदकर का दिया हुआ है जिन्होंने संविधान का निर्माण किया। यह संविधान न होता तो कभी ऐसे पिछडे परिवार में पैदा हुआ गरीब का एक बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था ।’’
उन्होंने विपक्ष पर अपना प्रहार जारी रखते हुए कहा, ‘‘वे हमारे संविधान का राजनीतिकरण कर रहे हैं। वे ‘संविधान दिवस’ मनाने के ख़िलाफ़ हैं। हमारे लिए संविधान ‘‘आस्था’’ का विषय है।’’
उन्होंने कहा कि देश की जनता ने इस बार राजग को 400 से ज्यादा सीट देने का फैसला कर लिया है।
मोदी ने कहा कि वे (विपक्षी नेता) सनातन धर्म को ‘‘डेंगू और मलेरिया’’ कहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे तो एक भी सीट के हकदार नहीं हैं... उन्हें सजा मिलनी चाहिए।’’
उन्होंने राजद को ‘‘भ्रष्टाचार और गुंडा राज’’ का प्रतीक बताते हुए कहा कि उसने बिहार को सिर्फ दो चीजें दी हैं-- जंगलराज और भ्रष्टाचार क्योंकि राजद शासनकाल में भ्रष्टाचार एक उद्योग की तरह फला-फूला।
उन्होंने कहा , ‘‘बिहार के युवा कभी भी राजद को वोट नहीं देंगे... क्या लालटेन (राजद का चुनाव चिन्ह) से स्मार्ट मोबाइल चार्ज हो सकता है। जब लोग स्मार्टफोन के बारे में बात कर रहे हैं, तो वे लालटेन के बारे में बात कर रहे हैं।’’
मोदी ने कहा कि यह चुनाव ‘‘विकसित भारत’’ और ‘‘विकसित बिहार’’ के लिए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक समृद्ध भारत बनाने का अवसर खो दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद सामाजिक न्याय के नाम पर केवल राजनीति करते हैं।
मोदी ने कहा ,‘‘ घमंडिया गठबंधन के पास कोई सोच नहीं है। ये लोग जब वोट मांगने जाते हैं, तो नीतीश जी के कामों पर वोट मांगते हैं। यह लोग नीतीश जी के और केंद्र सरकार के कामों का श्रेय स्वयं लेते हैं। पूरा बिहार जानता है कि राजद ने इतने वर्षों तक बिहार पर राज किया है लेकिन उनकी हिम्मत नहीं है कि अपनी सरकारों में क्या काम किया उसकी वे चर्चा करें।’’
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में एक क्रांति देखी गई... महिलाओं के समग्र विकास के लिए... देश में दस करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं और बिहार में 1.25 करोड़ महिलाएं।
मोदी ने कहा कि विकास और विरासत दोनों राजग के एजेंडे में हैं। उन्होंने कहा,‘‘ हम भारत की विरासत को विश्व विरासत मानचित्र पर ले जाएंगे... जिससे गया को भी फायदा होगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2024 01:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

