जियो प्लेटफॉर्म्स में तीसरा बड़ा सौदा, विस्टा इक्विटी पार्टनर्स करेगी 11,367 करोड़ रुपये का निवेश
फेसबुक, सिल्वर लेक और विस्टा इक्विटी पार्टनर्स के साथ हुए शेयर खरीद समझौते से कंपनी अब तक कुल 60,596.37 करोड़ रुपये जुटा चुकी है।
नयी दिल्ली, आठ मई रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अमेरिका की विस्टा इक्विटी पार्टनर्स को जियो प्लेटफॉर्म्स की 2.32 प्रतिशत हिस्सेदारी 11,367 करोड़ रुपये में बेचने की शुक्रवार को घोषणा की। रिलायंस के जियो प्लेटफॉर्म्स में दो सप्ताह से भी कम समय में यह ऐसा तीसरा बड़ा सौदा है। इससे पहले रिलायंस समूह की इस डिजिटल इकाई में 9.99 और 1.15 प्रतिशत हिस्सेदारी क्रमश: फेसबुक और सिल्वर लेक को बेचने की घोषणा हुई है।
फेसबुक, सिल्वर लेक और विस्टा इक्विटी पार्टनर्स के साथ हुए शेयर खरीद समझौते से कंपनी अब तक कुल 60,596.37 करोड़ रुपये जुटा चुकी है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स एक अगली पीढ़ी की डिजिटल प्रौद्योगिकी कंपनी है। इसमें कंपनी की जियो एप, डिजिटल पारिस्थितिक और दूरसंचार एवं तेज गति की इंटरनेट सेवा शामिल है। कंपनी की दूरसंचार सेवा जियो इंफोकॉम देश की सबसे नयी लेकिन सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी है। इसके देशभर में करीब 38.8 करोड़ ग्राहक हैं।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘इसके लिए जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर आधारित मूल्य (इक्विटी वैल्यू) 4.91 लाख करोड़ रुपये है जबकि उद्यम मूल्य (एंटरप्राइज वैल्यू) 5.16 लाख करोड़ रुपये आंकी गयी है।’’
किसी कंपनी की शेयर मूल्य आधारित कीमत उसकी मौजूदा और भविष्य की क्षमताओं को दिखाती है जबकि उसकी उद्यम कीमत कंपनी की वास्तविक बैलेंस शीट की तरह ही होती है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज और फेसबुक के बाद विस्टा इक्विटी पार्टनर्स की जियो प्लेटफॉर्म्स में सबसे बड़ी हिस्सेदारी होगी।
सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक ने जियो में 43,574 करोड़ रुपये का निवेश कर 9.99 प्रतिशत और विश्व की सबसे बड़ी प्रौद्योगिकी निवेशक सिल्वर लेक ने 5,665.75 करोड़ रुपये का निवेश कर 1.15 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है।
बयान के मुताबिक तीन हफ्ते से भी कम अवधि में जियो प्लेटफॉर्म्स वैश्विक निवेशकों से 60,596.37 करोड़ रुपये का निवेश जुटा चुकी है।
विस्टा के सह-संस्थापक ब्रायन सेठ के पिता गुजरात से संबंध रखते हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि इक्विटी फर्म के संस्थापक रॉबर्ट स्मिथ के साथ उनके निजी संबंध हैं।
इस सौदे को लेकर अंबानी के करीबी सहयोगी मनोज मोदी और सेठ ने ही बातचीत की।
रणनीतिक और वित्तीय निवेशक जियो प्लेटफॉर्म्स की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी ले सकते हैं। इसमें करीब आधी हिस्सेदारी फेसबुक पहले ही ले चुकी है। सिल्वर लेक और विस्टा इक्विटी पार्टनर्स का निवेश भी इसी रणनीति का हिस्सा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख 63 वर्षीय मुकेश अंबानी ने पिछले साल अगस्त में समूह को मार्च 2021 तक कर्ज मुक्त बनाने का लक्ष्य पेश किया। लेकिन फेसबुक और सिल्वर लेक के निवेश के साथ ही कंपनी द्वारा 53,125 करोड़ रुपये के राइट्स इश्यू जारी करने और सऊदी अरामको के साथ हए समझौते से इस लक्ष्य को दिसंबर तक ही पूरा करने की उम्मीद है।
मार्च के अंत तक रिलायंस इंडस्ट्रीज पर कुल 3,36,294 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया था। जबकि कंपनी के पास 1,75,259 करोड़ रुपये की नकदी है। कर्ज और नकदी का समायोजन करने के बाद कंपनी पर शुद्ध बकाया ऋण 1,61,035 करोड़ रुपये रहा।
इस बारे में अंबानी ने कहा, ’’मैं खुशी से विस्टा का स्वागत करता हूं। यह एक मूल्यवान सहयोगी और वैश्विक प्रौद्योगिकी निवेशकों में से एक है। हमारे अन्य निवेशकों की तरह विस्टा भी हमारे भारतीय डिजिटल ढांचे को लगातार बढ़ाने और बदलने के दृष्टिकोण को साझा करती है जो सभी भारतीयों के लिए लाभकारी होगा।’’
इस बारे में विस्टा के संस्थापक, चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मिथ ने कहा, ‘‘हम जियो द्वारा भारत में खड़े किए जा रहे डिजिटल समाज की क्षमता में विश्वास रखते हैं। मुकेश के वैश्विक कारोबारी दृष्टिकोण, जियो की बेहतरीन टीम ने एक ऐसे मंच का निर्माण किया है जिसने डेटा क्रांति शुरू कर दी है।’’
विस्टा की भारत में पहले से मौजूदगी है। उसके निवेश वाली कंपनियों में करीब 13,000 लोग नौकरी करते हैं।
इस सौदे के लिए नियामकीय मंजूरियां ली जानी बाकी हैं। मॉर्गन स्टैनली इस सौदे में रिलायंस के लिए वित्तीय परामर्शदाता और एजीबी एंड पार्टनर्स और डेविस पोक एंड वाडवैल विधिक सलाहकार की भूमिका निभायी है। विस्टा के लिए विधिक सलाहकार का काम किर्कलैंड एंड एलिस एलएलपी और शरदुल अमरचंद मंगलदास एंड कंपनी ने किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 05:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

