बेंगलुरु, 30 मई कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने मंगलवार को दोहराया कि महिलाओं के लिए बस यात्रा निशुल्क होगी और इसमें कोई शर्त नहीं होगी।
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा दी गई पांच ‘गारंटी’ को लागू करने को लेकर जनता में उत्सुकता है।
मंत्री ने कहा कि बसों में महिलाओं की निशुल्क यात्रा के संबंध में कोई दिशा-निर्देश नहीं होंगे।
रेड्डी ने प्रेसवार्ता में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे पास कोई दिशानिर्देश नहीं है। हमने कहा है कि यह (बस यात्रा) महिलाओं के लिए मुफ्त है। कामकाजी महिलाओं या अन्य जैसा कोई मापदंड नहीं है। बसों में महिलाओं के लिए सफर निशुल्क होगा।’’
राज्य में 3.5 करोड़ महिलाएं होने की बात संज्ञान में लाए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अगर सभी महिलाएं भी बस यात्रा करती हैं तो उनके लिए यात्रा निशुल्क रहेगी।’’
जब पत्रकारों ने बार-बार पूछा कि क्या सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए यात्रा निशुल्क होगी, तो रेड्डी ने कहा, ‘‘अंतिम निर्णय कैबिनेट द्वारा लिया जाएगा। हमारी पार्टी ने सभी महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की घोषणा की है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY