Nuh Violence: गृह मंत्री अनिल विज बोले, नूंह में तनाव पैदा होने की आशंका के बारे में उनके पास खुफिया जानकारी नहीं थी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि नूंह जिले में धार्मिक शोभायात्रा के मद्देनजर तनाव पैदा होने की आशंका के बारे में उनके पास कोई खुफिया जानकारी नहीं थी। 31 जुलाई को इस शोभायात्रा पर हमला हुआ था।
चंडीगढ़, पांच अगस्त: हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि नूंह जिले में धार्मिक शोभायात्रा के मद्देनजर तनाव पैदा होने की आशंका के बारे में उनके पास कोई खुफिया जानकारी नहीं थी. 31 जुलाई को इस शोभायात्रा पर हमला हुआ था. विज ने नूंह में भड़की हिंसा से संबंधित सवाल के जवाब में शुक्रवार को कहा, “मैंने अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस), गृह और डीजीपी से पूछा। उन्होंने भी यह कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं थी.” यह भी पढ़ें: Nuh Violence: "मेरे साथ हिंसा पर खुफिया इनपुट साझा नहीं की गई" हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज का बयान
विज ने कहा, “पता नहीं यह (खुफिया जानकारी) किसी के पास थी या नहीं, मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. कम से कम मुझे तो इसके बारे में पता नहीं था.” एक टीवी चैनल ने सीआईडी के एक निरीक्षक का ‘स्टिंग’ प्रसारित किया है, जिसमें कथित तौर पर दावा किया गया है कि अधिकारियों को मुस्लिम बहुल जिले नूंह में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की यात्रा के दौरान तनाव पैदा होने की आशंका के बारे में जानकारी थी.
इस ‘स्टिंग’ की ओर इशारा करते हुए विज ने कहा कि स्टिंग ऑपरेशन का एक वीडियो सामने आया है और इसकी जांच होनी चाहिए कि निरीक्षक ने वह खुफिया जानकारी किसके साथ साझा की थी.
मंत्री ने पूछा, “अगर उनके पास जानकारी थी, तो उन्होंने यह किसके साथ साझा की.” विज ने कहा कि उन्होंने वीडियो को विश्लेषण के लिए गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को भेजा है.
राज्य का आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अधीन आता है.
नूंह में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद की शोभायात्रा पर भीड़ के हमला करने के बाद भड़की सांप्रदायिक झड़प में दो होम गार्ड और एक इमाम समेत छह लोगों की मौत हो गई. सांप्रदायिक झड़पों के संबंध में अब तक कुल 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 80 को एहतियातन हिरासत में लिया गया है तथा 102 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 05, 2023 02:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

