अंतरराज्यीय माल ढुलाई में कोई समस्या नहीं हो :गृह मंत्रालय ने राज्यों से कहा
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि पुलिस अधिकारियों के कोविड-19 से संक्रमित होने के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंत्रालय ने पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो तथा स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ परामर्श करके ड्यूटी करने के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिहाज से दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
नयी दिल्ली, चार मई केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों से एक बार फिर कहा है कि राज्यों के बीच माल ढुलाई में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। उसने ट्रक संचालकों से किसी भी तरह की समस्या आने पर नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा है।
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि पुलिस अधिकारियों के कोविड-19 से संक्रमित होने के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंत्रालय ने पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो तथा स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ परामर्श करके ड्यूटी करने के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिहाज से दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को परामर्श जारी करके उनका ध्यान कार्यस्थल पर सुरक्षा के संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और मानक परिचालन प्रक्रियाओं की ओर आकृष्ट किया है।
श्रीवास्तव ने कहा कि मंत्रालय ने राज्यों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अंतरराज्यीय माल ढुलाई में कोई समस्या नहीं आनी चाहिए।
ट्रक संचालकों के लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर ‘1930’ जारी करते हुए उन्होंने कहा कि वे आवाजाही के दौरान किसी तरह की दिक्कत होने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
श्रीवास्तव ने कहा कि यह नियंत्रण कक्ष हर समय कार्यरत है और तीन मई तक 12,000 शिकायतों का निस्तारण कर चुका है।
उन्होंने कहा कि यदि ट्रक किसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे हैं तो वे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की हेल्पलाइन ‘1033’ पर संपर्क कर लॉकडाउन के संबंध में कोई भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 07:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

