पणजी, 16 जनवरी गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने सोमवार को कहा कि राज्य में कोविड-19 महामारी के बाद पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है और सितंबर 2022 तक तटीय राज्य में 49.55 लाख घरेलू तथा 0.95 लाख अंतरराष्ट्रीय यात्री पहुंचे।
राज्यपाल ने शीतकालीन सत्र के पहले दिन गोवा विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महामारी के बाद पर्यटकों ने तटीय राज्य को अपने अवकाश गंतव्य के रूप में पसंद करना शुरू कर दिया है।
पिल्लई ने कहा, "गोवा में पर्यटकों के आगमन में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के बाद। 2021 में, लगभग 33.08 लाख घरेलू और 0.22 लाख विदेशी पर्यटकों ने गोवा को अपने पर्यटन गंतव्य के रूप में चुना तथा 2022 (सितंबर तक) में लगभग 49.55 लाख घरेलू और 0.95 लाख विदेशी पर्यटकों ने राज्य का दौरा किया।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं जैसे होटल, ट्रैवल एजेंट, वाटर स्पोर्ट्स, टूरिस्ट गाइड, फोटोग्राफर, डेक बेड और छाता आदि के लिए दस्तावेजों की आवश्यकता को 60 प्रतिशत तक कम कर दिया है।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने अवैध डेक बेड, टेबल, छाता, दलालों और फेरीवालों की आवाजाही जैसी गतिविधियों की सूचना देने के लिए एक मोबाइल फोन ऐप विकसित किया है।
पिल्लई ने कहा, “गोवा सरकार ने विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) पर वैट को 18 प्रतिशत से घटाकर आठ प्रतिशत करने का एक प्रगतिशील निर्णय लिया है। इससे भारत के लिए एक प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में राज्य को अधिक महत्व मिलने की संभावना है।’’
राज्य की आर्थिक स्थिति के बारे में राज्यपाल ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में गोवा के सामाजिक-आर्थिक संकेतक बहुत प्रभावशाली रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY