देश की खबरें | कांग्रेस के युवा नेतृत्व में उसके बड़े नेताओं की संतानें भर शामिल : युवा आयोग अध्यक्ष
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को दावा किया कि राज्य का मुख्य विपक्षी दल युवाओं को नेतृत्व की कमान देने में नाकाम रहा है।
इंदौर, 11 अगस्त मध्य प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को दावा किया कि राज्य का मुख्य विपक्षी दल युवाओं को नेतृत्व की कमान देने में नाकाम रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के युवा नेतृत्व में इस पार्टी के बड़े नेताओं की संतानें भर शामिल हैं।
खरे ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह की उम्र पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन कांग्रेस युवाओं को नेतृत्व की कमान देने में नाकाम रही है। कांग्रेस की नयी पीढ़ी में इस पार्टी के बड़े नेताओं के बेटे-बेटियां भर शामिल हैं।’’
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले खरे ने कहा कि भाजपा लंबे समय से युवाओं को नेतृत्व का मौका देती रही है और पार्टी ने योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस और हिमंत विश्व शर्मा जैसे नेताओं को उनकी ‘‘युवावस्था’’ में सीधे मुख्यमंत्री बनाया है।
मालवा-निमाड़ अंचल के कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार द्वारा आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग पर राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भाजपा का देश भर के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण है कि हर सूबे में योग्य मुख्यमंत्री होना चाहिए। अगर आदिवासी समुदाय से कोई योग्य व्यक्ति निकलेगा, तो इस समुदाय से भी मुख्यमंत्री बनना चाहिए।’’
मध्यप्रदेश में पटवारियों की भर्ती में कथित घोटाले को लेकर युवा बेरोजगारों के आक्रोश पर खरे ने कहा कि इस मामले में जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा करनी चाहिए।
खरे ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के मुताबिक सूबे में इस महीने के अंत तक एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और अब तक इनमें से करीब 70,000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं के विषय में हमें यह बात बहुत अच्छे से समझनी जरूरी है कि (सरकारी योजनाओं के जरिये) रोजगार के लिए अनुकूल वातावरण बनाया जा सकता है, लेकिन सभी युवाओं को सरकारी नौकरियां नहीं दी जा सकतीं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)