विदेश की खबरें | विभिन्न मोर्चों पर तूफानों से जूझ रही है दुनिया : संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बुधवार को कहा कि दुनिया विभिन्न मोर्चों पर भीषण तूफानों का सामना कर रही है और फिलहाल हम सिर्फ साथ मिलकर ही इससे होने वाने नुकसान में कमी लाने की दिशा में काम कर सकते हैं।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

दावोस, 18 जनवरी संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बुधवार को कहा कि दुनिया विभिन्न मोर्चों पर भीषण तूफानों का सामना कर रही है और फिलहाल हम सिर्फ साथ मिलकर ही इससे होने वाने नुकसान में कमी लाने की दिशा में काम कर सकते हैं।

गुतारेस ने यहां विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक 2023 में अपने विशेष संबोधन में जीवाश्म ईंधन के प्रयोग से दूर रहने और ‘‘प्रकृति के खिलाफ खुद को हराने वाली लड़ाई बंद करने को कहा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे तूफान का कोई सटीक समाधान नहीं है। लेकिन हम इससे होने वाले नुकसान को कम करने का प्रयास कर सकते हैं और इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि हम टुकड़ों में बंटी अपनी दुनिया के बीच साझेदारी व सहयोग का रास्ता तलाशें।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां चुनौतियों या दुनिया के खराब हालात को छोटा या कमतर बताने नहीं आया हूं। जब तक हम पूरी ईमानदारी से समस्याओं पर गौर नहीं करेंगे, उनका समाधान नहीं होगा...।’’

गुतारेस ने चेतावनी दी, ‘‘हमारी दुनिया विभिन्न मोर्चों पर तूफानों से जूझ रही है। तात्कालिक समस्या वैश्विक आर्थिक संकट है। हालात सही नजर नहीं आ रहे हैं। दुनिया के कई हिस्सों में मंदी है। पूरी दुनिया की गति सुस्त पड़ गई है।’’

उन्होंने आगे कहा कि कोविड-19 अब भी अर्थव्यवस्थाओं को प्रभावित कर रहा है और भविष्य की महामारियों से निपटने की तैयारी नहीं होना, अर्थव्यवस्थाओं के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘... इतना सब कुछ झेलने के बाद भी हमने महामारी में वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य का सबक नहीं सीखा है। हम भविष्य में आने वाली महामारियों के लिए बिलकुल तैयार नहीं हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आने वाला हर सप्ताह जलवायु संबंधी नयी आपदाएं लेकर आ रहा है। ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन उच्च स्तर पर है। वैश्विक तापमान में वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक रोकने का संकल्प पूरा नहीं हो पा रहा है। कोई कदम उठाए बगैर हम 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान वृद्धि की ओर बढ़ रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\