देश की खबरें | जी-20 बैठक के लिए श्रीनगर को सजाने का काम लगभग पूरा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : केंद्रीय पर्यटन सचिव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रीनगर में होने वाली जी-20 की पर्यटन कार्य समूह की तीसरी बैठक से कुछ दिन पहले केंद्रीय पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने शुक्रवार को कहा कि घाटी में इसके लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और शहर को सजाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।
नयी दिल्ली, 19 मई श्रीनगर में होने वाली जी-20 की पर्यटन कार्य समूह की तीसरी बैठक से कुछ दिन पहले केंद्रीय पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने शुक्रवार को कहा कि घाटी में इसके लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और शहर को सजाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।
केंद्रीय पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जी-20 समूह के सदस्य देशों में से तीन देशों ने इस बैठक के लिए अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, हालांकि पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 मई है।
सिंह ने कहा कि 22 से 24 मई तक होने वाली इस बैठक में लगभग 60 विदेशी प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।
अरविंद सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बैठक में हिस्सा लेने वाले प्रतिनिधि डल झील पर शिकारा की सवारी करेंगे और इसके तट पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेंगे।
श्रीनगर के महापौर शहर में जी-20 समूह के प्रतिनिधियों के लिए दोपहर के भोजन की मेजबानी करेंगे, इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल द्वारा एक भव्य रात्रिभोज की मेजबानी की जाएगी।
जी-20 एक अंतर-सरकारी मंच है जिसमें 19 देश शामिल हैं - अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन और अमेरिका के अलावा यूरोपीय संघ भी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)