देश की खबरें | संभल में जामा मस्जिद के पास कुआं सार्वजनिक भूमि पर स्थित है: उप्र सरकार ने न्यायालय से कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्चतम न्यायालय को सूचित किया है कि संभल में मुगलकालीन जामा मस्जिद के पास विवादित ‘‘निजी कुआं’’ सार्वजनिक भूमि पर स्थित है।
नयी दिल्ली, 24 फरवरी उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्चतम न्यायालय को सूचित किया है कि संभल में मुगलकालीन जामा मस्जिद के पास विवादित ‘‘निजी कुआं’’ सार्वजनिक भूमि पर स्थित है।
शीर्ष अदालत के 10 जनवरी के निर्देश के बाद प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ के समक्ष स्थिति रिपोर्ट दायर की गई।
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘याचिकाकर्ता एक सार्वजनिक कुएं पर निजी अधिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह कुआं उन 19 कुओं का हिस्सा है, जिन्हें जिला प्रशासन द्वारा वर्षा जल संचयन, जल पुनर्भरण और सभी समुदायों के उपयोग के लिए पुनर्जीवित किया जा रहा है।’’
इसमें कहा गया है कि स्थानीय रूप से ‘धरणी वराह कूप’ के नाम से जाना जाने वाला कुआं विवादित धार्मिक स्थल के अंदर नहीं, बल्कि उसके निकट स्थित है तथा इसका मस्जिद से कोई संबंध नहीं है।
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘यहां तक कि विवादित धार्मिक स्थल भी सार्वजनिक भूमि पर स्थित है। यह प्रस्तुत किया जाता है कि कुआं एक सार्वजनिक कुआं है और मस्जिद/विवादित धार्मिक स्थल के अंदर कहीं भी स्थित नहीं है। वास्तव में, मस्जिद के अंदर से संबंधित कुएं तक कोई पहुंच नहीं है।’’
शीर्ष अदालत ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश देते हुए 10 जनवरी को उत्तर प्रदेश के अधिकारियों, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और अन्य से संभल में मुगलकालीन जामा मस्जिद के पास स्थित संबंधित कुएं को लेकर कोई कदम नहीं उठाने को कहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 24, 2025 10:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

