देश की खबरें | उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में मौसम सूखा रहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में शनिवार को इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया और हिमाचल प्रदेश के केलोंग में हुई बर्फबारी को छोड़कर उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
नयी दिल्ली, पांच दिसंबर मुंबई में शनिवार को इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया और हिमाचल प्रदेश के केलोंग में हुई बर्फबारी को छोड़कर उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
दक्षिण में तमिलनाडु में बारिश जारी रही और इसके साथ ही मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने 11 मंत्रियों को ‘बुरेवी’ चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए भेजा।
यह भी पढ़े | मुंबई: माहिम में 57 इंच की पानी की पाइप लाइन फटी, दादर, माटुंगा और अन्य क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रभावित.
मुंबई में सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और महाराष्ट्र में कई स्थानों पर तापमान में गिरावट देखी गई।
दिल्ली में हवा की गति मंद होने से वायु गुणवत्ता “गंभीर” श्रेणी में दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 401 दर्ज किया गया।
हवा की गति बढ़ने के साथ ही सोमवार को इसमें सुधार की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिलों के केलोंग में ताजा बर्फबारी हुई और 3.5 डिग्री सेल्सियस के साथ यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के मध्यम और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार और बुधवार के बीच बारिश और बर्फबारी होने का अंदेशा जताया है।
इसके साथ ही मैदानी इलाकों में मंगलवार को बारिश हो सकती है।
कश्मीर के ज्यादातर स्थानों में रात का तापमान जमाव बिंदु से ऊपर दर्ज किया गया।
गुलमर्ग में तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो कि घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।
हरियाणा और पंजाब में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया और चंडीगढ़ में यह 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था।
उत्तर प्रदेश में मौसम सूखा रहा और राज्य के पूर्वी क्षेत्रों के कुछ इलाकों में घने से बहुत घना कोहरा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान झांसी में 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहगढ़ में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में माउंट आबू सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 05, 2020 11:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

