ताजा खबरें | वर्ष 2020-21 में 15-29 वर्ष की आयु के लोगों में बेरोजगारी दर घटकर 12.9 प्रतिशत रही: मंत्री

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. देश में युवाओं की बेरोजगारी दर वर्ष 2017-18 के 17.8 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2020-21 में 12.9 प्रतिशत रह गई है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को संसद को दी गयी।

नयी दिल्ली, नौ फरवरी देश में युवाओं की बेरोजगारी दर वर्ष 2017-18 के 17.8 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2020-21 में 12.9 प्रतिशत रह गई है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को संसद को दी गयी।

श्रम और रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि रोजगार और बेरोजगारी पर आधिकारिक आंकड़े, सावधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के माध्यम से एकत्र किया जाता है, जो वर्ष 2017-18 से सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण की अवधि जुलाई से लेकर अगले वर्ष जून तक की है। ताजा उपलब्ध वार्षिक पीएलएफएस रिपोर्ट के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए सामान्य स्थिति पर अनुमानित बेरोजगारी दर वर्ष 2017-18, वर्ष 2018-19, वर्ष 2019 -20 और वर्ष 2020-21 के दौरान क्रमशः छह प्रतिशत, 5.8 प्रतिशत, 4.8 प्रतिशत और 4.2 प्रतिशत थी।

तेली ने कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि देश में बेरोजगारी दर में कमी आई है।’’

मंत्री ने कहा कि 15-29 वर्ष की आयु के युवाओं में सामान्य स्थिति पर अनुमानित बेरोजगारी दर वर्ष 2017-18, 2018-19, 2019-20 और 2020-21 के दौरान क्रमशः 17.8 प्रतिशत, 17.3 प्रतिशत, 15 प्रतिशत और 12.9 प्रतिशत थी जिससे पता चलता है कि देश में युवाओं के लिए बेरोजगारी दर में गिरावट आई है।

कई रोजगार पैदा करने वाली पहलों के अलावा, सरकार रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्ट-अप इंडिया’, ‘स्टैंड-अप इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ आदि जैसे विभिन्न कार्यक्रम भी चला रही है।

तेली ने कहा कि इन सभी पहलों से सामूहिक रूप से मध्यम से लंबी अवधि में गुणक प्रभावों के माध्यम से रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\