दिल्ली को फिर से खोलने का वक्त आ गया है, कोरोना वायरस के साथ रहने के लिये तैयार रहना होगा: केजरीवाल
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली लॉकडाउन हटाने के लिये तैयार है। यह असंभव है कि कोरोना वायरस के मामले ‘‘शून्य’’ हो जाएं।
नयी दिल्ली, तीन मई मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि दिल्ली को फिर से खोलने का वक्त आ गया है और लोगों को कोरोना वायरस के साथ रहने के लिये तैयार रहना होगा। उन्होंने लॉकडाउन के तीसरे चरण के दौरान ‘रेड जोन’ के लिये केंद्र द्वारा निर्धारित सभी छूट राष्ट्रीय राजधानी में लागू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली लॉकडाउन हटाने के लिये तैयार है। यह असंभव है कि कोरोना वायरस के मामले ‘‘शून्य’’ हो जाएं।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
केजरीवाल ने ऑनलाइन मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र को यह सुझाव देगी कि शहर में सिर्फ निरुद्ध क्षेत्र को ‘रेड जोन’ घोषित किया जाए, ना कि पूरे जिले को।
वर्तमान में दिल्ली के सभी 11 जिले ‘रेड जोन’ घोषित किये गये हैं।
दिल्ली में किसी एक दिन में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 427 मामले सामने आये और इसके साथ ही कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या बढ़ कर 4,549 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 64 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह असंभव है कि कोरोना वायरस का एक भी मामला सामने नहीं आये...हमें कोरोना वायरस के साथ रहने के लिये तैयार होना होगा। हमें इसका अभ्यस्त होना होगा।’’
दिल्ली सरकार ने प्रवासी मजदूरों सहित फंसे हुए लोगों को अपने मूल निवास स्थान तक भेजने के लिये एक मानक संचालन प्रक्रिया भी तैयार की है।
उल्लेखनीय है कि शहर में हजारों की संख्या में प्रवासी कामगार फंसे हुए हैं, जिनमें से कई लोग सरकार संचालित आश्रय गृहों में रह रहे हैं।
उन्होंने सोमवार से कई राहत भरे उपायों की भी घोषणा की लेकिन कहा कि लॉकडाउन और दो हफ्ते रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह असंभव है कि कोरोना वायरस का कोई मामला सामने नहीं आएगा क्योंकि ऐसा किसी देश में नहीं हुआ है।’’
दिल्ली सहित देश भर में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू है। इसका प्रथम चरण 25 मार्च से 14 अप्रैल तक था। दूसरा चरण 15 अप्रैल से तीन मई तक था। अब लॉकडाउन 3.0 सोमवार (चार मई) से 17 मई तक है।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये लागू लॉकडाउन के चलते सरकार का राजस्व और अर्थव्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली लॉकडाउन की सारी पाबंदियां हटाने के लिये तैयार है।
केजरीवाल ने अप्रैल 2019 के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने पिछले साल अप्रैल में 3,500 करोड़ रुपये अर्जित किये थे, जबकि इस साल अप्रैल में उसने सिर्फ 300 करोड़ रुपये प्राप्त किये।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र ने पूरी दिल्ली को ‘रेड जोन’ श्रेणी के तहत रखा है, जिसके चलते बाजार और मॉल नहीं खुल सकते। हमने केंद्र को सिर्फ उन इलाकों को सील करने का सुझाव दिया है, जहां कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं और शेष इलाकों में सभी गतिविधियों की इजाजत दी जा सकती है।’’
उन्होंने कहा कि शात सात बजे से सुबह सात बजे तक लोगों की आवाजाही की इजाजत नहीं होगी, जैसा कि केंद्र ने सुझाव दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार से सरकारी और निजी दफ्तर खुलेंगे लेकिन उड़ानों, मेट्रो और बसों पर पाबंदी जारी रहेगी।
केजरीवाल ने ऑनलाइन मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में ई-कॉमर्स पोर्टलों के जरिये जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरी सेवाओं से जुड़े दिल्ली सरकार के कार्यालय सभी कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ काम करेंगे, जबकि निजी कार्यालय 33 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मॉल, सिनेमा, सैलून, मार्केट कॉम्पलेक्स और दिल्ली मेट्रो बंद रहेगी जबकि आवश्यक वस्तुएं बेचने वाली दुकानें खुलेंगी। ’’
केजरीवाल ने कहा कि विवाह समारोह में 50 लोग जुट सकते हैं।
इस बीच, कई व्यापार संगठनों ने पाबंदियों में ढील दिये जाने पर स्थानीय प्राधिकारों से स्पष्टीकरण मांगा है। उनका कहना है कि पड़ोस की दुकान किसे कहा जाए और मोहल्ले की एकमात्र दुकान किसे माना जाए, इसे लेकर भ्रम की स्थिति है।
कांफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि इस बारे में स्पष्टता का अभाव है।
रिटेलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आरएआई) ने कहा कि मार्केट प्लेस का मतलब गलत परिभाषित किया जा सकता है।
आरएआई के सीईओ कुमार राजगोपालन ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राज्य भी भ्रमित हैं और वे वही चीज छाप रहे हैं जो केंद्र भेज रहा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 10:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

