एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 276 अंक और टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिका के मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले निवेशकों के दिलचस्पी न दिखाने से शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती लाभ को गंवाकर अंत में 276.46 अंक के नुकसान के साथ 54,000 अंक के स्तर की ओर बढ़ता दिखा।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 276 अंक और टूटा

मुंबई, 11 मई अमेरिका के मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले निवेशकों के दिलचस्पी न दिखाने से शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती लाभ को गंवाकर अंत में 276.46 अंक के नुकसान के साथ 54,000 अंक के स्तर की ओर बढ़ता दिखा।

अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों को लेकर आशंकित निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाए रखी। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों के बिकवाल बने रहने और कच्चे तेल में उछाल से भी कारोबारी धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा।

हालांकि, सेंसेक्स की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी लेकिन जल्द ही यह अपनी रफ्तार गंवा बैठा। कारोबार के दौरान यह एक समय 845.55 अंक तक लुढ़कने के बाद 53,519.30 अंक के स्तर तक आ गया था। कारोबार के अंत में यह 276.46 अंक यानी 0.51 प्रतिशत के नुकसान के साथ 54,088.39 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 72.95 अंक यानी 0.45 प्रतिशत गिरकर 16,167.10 अंक पर खिसक गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो को सर्वाधिक 2.34 प्रतिशत का नुकसान झेलना पड़ा। बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी, पावरग्रिड, इन्फोसिस और आईटीसी भी घाटे में रहीं।

इसके उलट एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल के शेयर 1.92 प्रतिशत तक की बढ़त पर रहे।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में बढ़त के बावजूद घरेलू निवेशकों का भरोसा कम होने और विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से निवेशकों की चिंता बनी हुई है। अमेरिकी मुद्रास्फीति के अप्रैल के आंकड़़ों का इंतजार है। बाजार की दिशा इससे तय होगी कि फेडरल रिजर्व के कदमों से मुद्रास्फीति में कितनी कमी आती है।’’

व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप 2.23 प्रतिशत और मिडकैप 0.46 प्रतिशत की गिरावट पर रहे। बीएसई के क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी, बैंक एवं वित्त बढ़त के साथ बंद हुए।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरियो के कॉस्पी में गिरावट आई। यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त पर कारोबार कर रहे थे। इसके पहले अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मंगलवार को मजबूती देखी गई थी।

हेम सिक्योरिटीज के पीएमएस प्रमुख मोहित निगम ने कहा, ‘‘वैश्विक मोर्चे पर एशियाई बाजारों में अलग-अलग रुझान रहा जबकि यूरोपीय बाजार अमेरिकी मुद्रास्फीति का आंकड़ा आने के पहले बढ़त पर रहे।’’

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.12 प्रतिशत बढ़कर 105.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

रुपया लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज करने में सफल रहा। बुधवार को अमेरिकी डॉलर के 20 वर्षों के अपने उच्चतम स्तर से नीचे आने से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी निवेशकों का भारतीय बाजारों से निकासी का सिलसिला जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को 3,960.59 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2022 06:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).