जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन उछाल, सेंसेक्स की 1,041 अंक की छलांग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएएसई सेंसेक्स में 1,041 अंक का उछाल आया। वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में भारी लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
मुंबई, 28 जुलाई शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएएसई सेंसेक्स में 1,041 अंक का उछाल आया। वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में भारी लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,041.47 अंक यानी 1.87 प्रतिशत की मजबूती के साथ 56,857.79 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,097.9 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 287.80 अंक यानी 1.73 प्रतिशत उछलकर 16,929.60 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फाइनेंस सबसे अधिक 10.68 प्रतिशत चढ़ा। बजाज फिनसर्व में भी 10.14 प्रतिशत की तेजी रही। जून तिमाही के वित्तीय परिणाम आने के बाद इन कंपनियों के शेयर चढ़े।
लाभ में रहने वाले अन्य शेयरों में टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और नेस्ले शामिल हैं।
दूसरी तरफ भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, डॉ. रेड्डीज , आईटीसी और सन फार्मा में गिरावट रही।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और जापान का निक्की बढ़त में रहे जबकि हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट रही।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने के निर्णय के बाद वैश्विक बाजारों में तेजी के रुख तथा घरेलू बाजार में बड़ी कंपनियों के तिमाही परिणाम बेहतर रहने से बाजार को समर्थन मिला।’’
उन्होंने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व का निर्णय अपेक्षा के अनुरूप है। साथ ही उसकी सकारात्मक टिप्पणी से मंदी की आशंका कम हुई है। उन्होंने आने वाले महीनों में धीमी गति से नीतिगत दर में वृद्धि का संकेत दिया है। इससे वैश्विक धारणा को बल मिला।’’
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.36 प्रतिशत चढ़कर 108.1 डॉलर प्रति बैरल पर पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 436.81 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2022 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

