एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन उछाल, सेंसेक्स 61,000 अंक के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी बाजारों में तेजी के साथ सकरात्मक वृहत आर्थिक आंकड़ों से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को भी तेजी का रुख जारी रहा और सेंसेक्स 61,000 अंक के पार निकलकर नौ माह के उच्चस्तर पर पहुंच गया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन उछाल, सेंसेक्स 61,000 अंक के पार

मुंबई, एक नवंबर विदेशी बाजारों में तेजी के साथ सकरात्मक वृहत आर्थिक आंकड़ों से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को भी तेजी का रुख जारी रहा और सेंसेक्स 61,000 अंक के पार निकलकर नौ माह के उच्चस्तर पर पहुंच गया।

कारोबारियों ने कहा कि रुपये की विनियम दर में सुधार और विदेशी निवेशकों की लिवाली से भी बाजार को समर्थन मिला।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स लगातार चौथे कारोबारी सत्र में लाभ में रहा और 374.76 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61,121.35 अंक पर बंद हुआ। इस साल 17 जनवरी के बाद सेंसेक्स पहली बार 61,000 अंक के स्तर से ऊपर बंद हुआ है।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 133.20 अंक यानी 0.74 प्रतिशत चढ़कर 18,145.40 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में एनटीपीसी के शेयर में सबसे अधिक पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पावरग्रिड, डॉ रेड्डीज, इन्फोसिस, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा और एशियन पेंट्स के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ केवल एक्सिस बैंक, मारुति, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘विदेशी निवेशकों की लिवाली और वैश्विक बाजारों के समर्थन से तेजड़िये घरेलू बाजार को मजबूती दे रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘खरीद प्रबंधन सूचकांक (पीएमआई) के आंकड़े बताते हैं कि अक्टूबर में भारत में विनिर्माण संबंधी गतिविधियां मजबूत रहीं और नए ऑर्डर एवं उत्पादन में वृद्धि के रूप में मूल्य निर्धारण दबाव को नियंत्रण में रखा गया।’’

नायर ने कहा, ‘‘ब्याज दरों में बढ़ोतरी की रफ्तार में कमी के किसी भी संकेत के लिए निवेशक केंद्रीय बैंकों की नीतिगत बैठकों पर नजर रख रहे हैं।’’

वहीं, माल एवं सेवा कर संग्रह (जीएसटी) अक्टूबर में 16.6 प्रतिशत बढ़कर 1.52 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। यह अबतक का दूसरा सबसे ऊंचा जीएसटी संग्रह का आंकड़ा है।

इसके अलावा बीएसई मिडकैप में 1.04 प्रतिशत और स्मॉलकैप में 0.26 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

इस सप्ताह केंद्रीय बैंकों की बैठकों से पहले वैश्विक बाजारों ने तेजी का सिलसिला बरकरार रखा।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.45 प्रतिशत बढ़कर 94.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल बने हुए हैं। उन्होंने सोमवार को 4,178.61 करोड़ रुपये के मूल्य के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 01, 2022 05:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).