एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 38 अंक टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट आई और धातु, बैंक और वित्तीय शेयरों में नुकसान से सेंसेक्स करीब 38 अंक टूटकर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 38 अंक टूटा

मुंबई, 27 सितंबर घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट आई और धातु, बैंक और वित्तीय शेयरों में नुकसान से सेंसेक्स करीब 38 अंक टूटकर बंद हुआ।

कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों के बाजार से पैसा निकालने की वजह से निवेशक सतर्क बने हुए हैं।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स एक समय 560 अंक तक उछल गया था। लेकिन अंत में यह केवल 37.70 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,107.52 अंक पर बंद हुआ।

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 8.90 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 17,007.40 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील सबसे ज्यादा 2.25 प्रतिशत नुकसान में रहा। इसके अलावा टाइटन, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक बैंक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक तथा एचडएफसी लि. नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, डॉ. रेड्डीज, एचसीएल टेक और नेस्ले इंडिया शामिल हैं।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 नुकसान में जबकि 12 लाभ में रहे।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘सुरक्षित माने जाने वाले डॉलर और बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने से विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। इससे घरेलू बाजार में गिरावट जारी है। हाल में बैंक और वाहन शेयर लाभ में रहे थे, लेकिन अब उनमें भी गिरावट का रुख है। आईटी और दवा कंपनियों के शेयर मजबूती दिखा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कच्चे तेल के दाम में नरमी है। हालांकि यह आशंका है कि तेल निर्यातक देशों के संगठन और उनके सहयोगी देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में नरमी को देखते हुए उत्पादन में कटौती कर सकते हैं।’’

एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा।

कोटक सिक्योरिटीज लि. में इक्विटी शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘बाजार में उतार-चढ़ाव रहा...धातु और वित्तीय शेयरों में मुनाफावसूली जारी रही। दोनों मानक सूचकांकों...सेंसेक्स और निफ्टी में उच्चस्तर पर मुनाफा काटा गया।’’

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.78 प्रतिशत चढ़कर 85.56 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया नौ पैसे चढ़कर 81.58 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 5,101.30 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 27, 2022 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).