एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | बिकवाली जारी रहने से शेयर बाजार में आठवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 200 अंक और टूटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को लगातार 8वें दिन गिरावट जारी रही।

जरुरी जानकारी | बिकवाली जारी रहने से शेयर बाजार में आठवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 200 अंक और टूटा

मुंबई, 14 फरवरी विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को लगातार 8वें दिन गिरावट जारी रही।

बाजार में कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई, लेकिन जल्द ही शुरुआती बढ़त खत्म हो गई।

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 199.76 अंक यानी 0.26 प्रतिशत गिरकर 75,939.21 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 699.33 अंक तक लुढ़क गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.44 प्रतिशत गिरकर 22,929.25 पर बंद हुआ।

आठ कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 2,644.6 अंक यानी 3.36 प्रतिशत और निफ्टी 810 अंक यानी 3.41 प्रतिशत टूट चुका है।

सेंसेक्स के शेयरों में अदाणी पोर्ट्स में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और टाटा स्टील भी नुकसान में रहे।

दूसरी ओर नेस्ले, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचसीएल टेक लाभ में रहे।

कंपनियों की कमजोर आय के कारण निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की भावना हावी होती जा रही है।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''कमजोर तिमाही नतीजों, रुपये में गिरावट और शुल्क जैसे बाहरी कारकों से निकट भविष्य में बाजार धारणा कमजोर रहने का अनुमान है। एफआईआई की निकासी जारी रहने से गिरावट बढ़ सकती है।''

उन्होंने कहा कि जब तक शुल्क पर स्पष्टता नहीं आ जाती है, और कंपनियों की आय में सुधार नहीं होता है, तब तक अस्थिरता बनी रहने का अनुमान है।

एंजल वन के तकनीकी एवं वायदा-विकल्प के वरिष्ठ विश्लेषक ओशो कृष्णन ने कहा कि भारतीय शेयर बाजारों में आई जोरदार गिरावट ने पिछले दो हफ्तों की तेजी को पूरी तरह से फीका कर दिया है।

उन्होंने कहा, ''इस सप्ताह लगातार आठ सत्रों में बिकवाली हुई, जिससे निवेशकों में चिंता का माहौल बन गया।''

बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 3.24 प्रतिशत और मिडकैप सूचकांक में 2.59 प्रतिशत की गिरावट आई।

बीएसई के क्षेत्रवार सूचकांकों की बात करें तो सेवा में 3.16 प्रतिशत, औद्योगिक में 3.03 प्रतिशत, पूंजीगत सामान में 2.76 प्रतिशत, बिजली में 2.65 प्रतिशत, उपयोगिता में 2.52 प्रतिशत, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं में 2.39 प्रतिशत, जिंस में 2.25 प्रतिशत और रियल्टी में 2.03 प्रतिशत की गिरावट आई। इस दौरान सिर्फ आईटी क्षेत्र फायदे में रहा।

बीएसई के 3,320 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 681 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। कुल 82 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

इस सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 1,920.98 अंक या 2.46 प्रतिशत गिरा। दूसरी ओर निफ्टी 630.7 अंक या 2.67 प्रतिशत टूट गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़कर बंद हुए, जापान के निक्की में गिरावट हुई।

यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,789.91 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत बढ़कर 75.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2025 06:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).