चंडीगढ़, 25 मई कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को कहा कि विपक्ष मांग कर रहा है कि सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाए और इससे पूरे विश्व को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में एकजुटता का संदेश जाएगा।
पायलट ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद क्या प्रतिक्रिया होनी चाहिए, इस पर सरकार को देश और विपक्ष से जो समर्थन मिला है, वह अभूतपूर्व और बिना शर्त है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए तो पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ एकजुट आवाज उठेगी, जिससे दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ भारत की एकतजुटता का संदेश जाएगा।
पायलट ने रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा के अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने संसद के विशेष सत्र की मांग की थी ताकि पूरी दुनिया में एक संदेश जाए कि पूरा भारत देश की संप्रभुता और अखंडता के लिए एकजुट है... और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को खत्म करने की इस लड़ाई में एकजुट है।’’
पायलट ने कहा कि बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल जो पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर विभिन्न देशों का दौरा कर रहा है, यदि उन्हें भेजे जाने से पहले संसद का सत्र बुलाया गया होता तो उन्हें अपने विचार रखने के लिए और अधिक बल मिलता।
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट यहां ‘जय हिंद सभा’ के अवसर पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस सशस्त्र बलों की सर्वोच्च वीरता और सफलता को सलाम करने के लिए पूरे भारत में इस सभा का आयोजन कर रही है।
कांग्रेस महासचिव एवं संगठन प्रभारी के सी वेणुगोपाल ने हाल ही में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा था कि इन बैठकों में सेना के पूर्व सैनक, पार्टी नेता और आम जनता शामिल होगी।
पायलट ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद कांग्रेस ने सरकार को पूरा समर्थन दिया था ताकि इस कायराना घटना के दोषियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे।
उन्होंने कहा, ‘हम सभी को अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है, लेकिन मुझे दुख होता है जब मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह और हरियाणा से राज्यसभा सदस्य राम चंद्र जांगड़ा जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता हमारे बहादुर सैन्य अधिकारियों और पहलगाम हमले में शहीद हुए लोगों तथा उनके परिवारों के संबंध में अभद्र का प्रयोग करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY