जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे टूटकर 85.41 पर बंद हुआ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और घरेलू बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अपनी शुरुआती बढ़त गंवा बैठा और आठ पैसे की गिरावट के साथ 85.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, 25 अप्रैल बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और घरेलू बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अपनी शुरुआती बढ़त गंवा बैठा और आठ पैसे की गिरावट के साथ 85.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया।
इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजार में सुस्त रुख और सकारात्मक अमेरिकी डॉलर सूचकांक ने निवेशकों की धारणा को और कमजोर कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.17 प्रति डॉलर पर खुला और डॉलर के मुकाबले 85.08 के दिन के उच्चतम स्तर तथा 85.65 के दिन के निम्नतम स्तर के बीच घूमता रहा। सत्र के अंत में रुपया 85.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो अपने पिछले बंद स्तर से आठ पैसे की गिरावट को दर्शाता है।
बृहस्पतिवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे की बढ़त के साथ 85.33 पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार के अनुसार, भू-राजनीतिक चिंताओं ने बृहस्पतिवार की बढ़त के बाद भारतीय रुपये में गिरावट को बढ़ावा दिया। घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली ने धारणा को और कमजोर कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘भू-राजनीतिक चिंताओं और हेजर्स की डॉलर मांग के बीच पूरे सप्ताह स्थानीय रुपये में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।’’
इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत बढ़कर 99.61 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.66 प्रतिशत गिरकर 66.11 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
घरेलू इक्विटी बाजार में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 588.90 अंक टूटकर 79,212.53 रह गया, जबकि निफ्टी 207.35 अंक गिरकर 24,039.35 रह गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,952.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2025 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

