जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया 42 पैसे उछलकर 84.54 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 42 पैसे उछलकर 84.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिका के साथ जल्दी ही व्यापार समझौते होने की उम्मीद और विदेशी संस्थागत निवेशकों के निर्बाध निवेश ने कारोबारी धारणा को मजबूत किया।
मुंबई, 30 अप्रैल अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 42 पैसे उछलकर 84.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिका के साथ जल्दी ही व्यापार समझौते होने की उम्मीद और विदेशी संस्थागत निवेशकों के निर्बाध निवेश ने कारोबारी धारणा को मजबूत किया।
बाजार सूत्रों ने कहा कि इसके अलावा, प्रमुख विदेशी मुद्रा विनिमय दरों के मुकाबले डॉलर में कमजोरी तथा वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये को समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 85.15 पर खुला और डॉलर के मुकाबले 84.47 के दिन के उच्चतम स्तर और 85.15 के निम्नतम स्तर के बीच रहा। कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 84.54 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो इसके पिछले बंद स्तर से 42 पैसे की तेजी है।
मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे की तेजी के साथ 84.96 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (शोध विश्लेषक-जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘रुपये में मजबूती के साथ सकारात्मक कारोबार हुआ... एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशक) और डीआईआई (घरेलू संस्थागत निवेशक) के कोष प्रवाह तथा अमेरिका-भारत व्यापार समझौते की उम्मीद से इसे समर्थन मिला। डॉलर सूचकांक में मजबूती के बावजूद, रुपया इस उम्मीद से मजबूत हुआ कि भारत, अमेरिकी में होने वाले आयात को लेकर चीन का एक प्रमुख विकल्प के रूप में उभर सकता है। इससे भारतीय बाजारों में विश्वास बढ़ा है।’’
ट्रंप ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भारत के साथ बातचीत ‘बहुत अच्छी चल रही है’, और उन्हें लगता है कि अमेरिका और भारत के बीच ‘समझौता’ होगा।
दुनिया की छह प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत बढ़कर 99.44 पर रहा।
वायदा कारोबार में वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.81 प्रतिशत गिरकर 63.73 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 46.14 अंक टूटकर 80,242.24 पर और निफ्टी 1.75 अंक की नाममात्र गिरावट के साथ 24,334.20 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 50.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2025 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

