एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मप्र में उपचुनाव के परिणाम प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश को संदेश देंगे: कमलनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में 30 अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों के परिणाम प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को संदेश देंगे कि हर बार लोगों को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता।

देश की खबरें | मप्र में उपचुनाव के परिणाम प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश को संदेश देंगे: कमलनाथ

खंडवा (मप्र), 12 अक्टूबर कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में 30 अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों के परिणाम प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को संदेश देंगे कि हर बार लोगों को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता।

कमलनाथ ने केंद्र और मध्य प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों पर भी हमला करते हुए कहा कि बढ़ती कीमतों और अर्थव्यवस्था में मंदी के कारण लोग परेशान हैं। खंडवा लोकसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह के समर्थन में यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं।

कमलनाथ ने कहा, ‘‘संविधान में लोकसभा, विधानसभा, जिला परिषद, पंचायत एवं नगर निगम के चुनाव का प्रावधान है। हर चुनाव प्रजातंत्र का उत्सव होता है। इस उपचुनाव से ना तो सरकार बनती है और ना बिगड़ती है।’’

कमलनाथ ने आगे कहा, ‘‘यह चुनाव तो एक संदेश देंगे। यह चुनाव भी प्रजातंत्र का त्योहार है। आपको इसके माध्यम से संदेश देना है कि खंडवा लोकसभा के लोगों को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता है। वे बहुत समझदार हैं। वे अपने भविष्य की रक्षा का इस चुनाव के परिणामों से संदेश देंगे। इसका संदेश मध्य प्रदेश में ही नहीं, पूरे देश में गूंजेगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 16 वर्ष में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने करीब 22,000 झूठी घोषणाएं की हैं। वे नारियल जेब में लेकर चलते है,जहां मौका मिलता है फोड़ देते हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ''चौहान झूठ इतना बोलते हैं कि झूठ भी शर्मा जाता है। आप इनकी झूठ की राजनीति को पहचान लीजिए। शिवराज जी अच्छे कलाकार हैं। मैं तो कहता हूं कि शिवराज जी मुंबई चले जाइये और कलाकारी करिए। फिल्मी कलाकारों को भी आप पीछे छोड़ देंगे और वहां मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।''

उन्होंने कहा, ‘‘इनके (चौहान के) आंख-नाक-कान नहीं चलते हैं। इनका तो सिर्फ मुंह चलता है। मैं तो कहता हूं कि मुंह चलाने और प्रदेश चलाने में बड़ा अंतर है।’’

कमलनाथ ने आरोप लगाया, ‘‘प्रदेश सरकार कोविड-19 महामारी से जान गंवाने वाले लोगों का आंकड़ा आज तक छुपा रही है। लाखों लोगों की मौत हुई, आज भी छुपा रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कितने लोगों को आज तक मुआवजा मिला?’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी क्या कहते थे? 15 लाख हर खाते में आएंगे, दो करोड़ रोजगार देंगे, किसानों की आय दोगुनी करेंगे। आज ये किसान, नौजवान एवं रोजगार पर बात नहीं करते। आज ये लोग बात सिर्फ राष्ट्रवाद की करते हैं, जबकि इनकी पार्टी भाजपा में एक भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं। आज ये कांग्रेस को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने चलें हैं।’’

कमलनाथ ने कहा, ‘‘जीएसटी, नोटबंदी एवं महंगाई सब इनकी (भाजपा सरकार की) देन है। आज डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस का क्या भाव है। यह किसी से छुपा नहीं है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2021 08:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).