देश की खबरें | कुशल युवा ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत : योगी आदित्यनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि कुशल युवा ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत हैं और ‘‘डबल इंजन’’ सरकार युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है।
लखनऊ, 15 जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि कुशल युवा ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत हैं और ‘‘डबल इंजन’’ सरकार युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी ने विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय कौशल मेले और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के 75 जनपदों के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
योगी ने इस अवसर पर अपने संविधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल कौशल के माध्यम से युवा सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा, “कुशल युवा ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत हैं।”
उन्होंने कहा, “डबल इंजन (केंद्र और राज्य) सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है।
योगी ने प्रदेश के युवाओं को विश्व युवा कौशल दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षों में परंपरागत उद्यमों को पुनर्जीवित किया है तथा दो करोड़ युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनमें से 50 लाख युवा अब तक लाभान्वित हो चुके हैं।
योगी ने उत्तर प्रदेश में निवेश के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी जिक्र करते हुए कहा कि पिछले आठ वर्षों में कानून-व्यवस्था में सुधार और सरकार की सकारात्मक नीति के कारण 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये निवेश लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) और ‘मुख्यमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान’ जैसी योजनाओं के माध्यम से परंपरागत उद्यमों को पुनर्जीवित किया गया है। उन्होंने बताया कि ओडीओपी के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है, जबकि विश्वकर्मा योजना के तहत एक लाख से अधिक हस्तशिल्पियों और कारीगरों को प्रशिक्षण और टूलकिट प्रदान की गई हैं।
उन्होंने युवाओं से हताश न होने और निरंतर प्रयास करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हताशा और निराशा में जीवन नहीं है तथा सही प्रशिक्षण और मेहनत से आप सफलता की नयी कहानी लिख सकते हैं।
योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नीति युवाओं को एक साथ डिग्री और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा देती है।
कार्यक्रम के दौरान योगी ने 15 युवाओं को ‘यूथ आईकॉन’ सम्मान दिया और 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके अलावा, प्रदेश के लिए पांच “स्किल रथ” हरी झंडी दिखाकर रवाना किए गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 03:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

