एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजस्थान में हर पांच साल बाद सरकार बदलने की परिपाटी खत्म हो : सचिन पायलट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मंगलवार को कहा कि राजस्थान में हर पांच साल बाद सरकार बदलने की परिपाटी को खत्म करना होगा।

देश की खबरें | राजस्थान में हर पांच साल बाद सरकार बदलने की परिपाटी खत्म हो : सचिन पायलट

जयपुर, 17 जुलाई पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मंगलवार को कहा कि राजस्थान में हर पांच साल बाद सरकार बदलने की परिपाटी को खत्म करना होगा।

इसके साथ ही उन्होंने प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत दोहराते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही इस दिशा में काम होगा।

पायलट मंगलवार को पीलीबंगा हनुमानगढ़ में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस नेता पायलट ने कहा कि राजस्थान में हर विधानसभा चुनाव में सरकार बदलने की 'परिपाटी' को खत्म करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘30 साल से राजस्थान में पांच साल में एक सरकार आती है अगले पांच साल में दूसरी पार्टी की सरकार आती है। इस परिपाटी को हमें खत्म करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब दूसरे राज्यों मे कांग्रेस पार्टी की लगातार दूसरी बार सरकार बन सकती है, तो राजस्थान में सरकार क्यों नहीं दोहराई हो सकती ... इसके बारे में हमें सोचना पड़ेगा कि जनता का मन कैसे जीतें, जनता की भावना से कैसे जुड़ें ... जनता की कसौटी पर कैसे खरा उतरें... उस दिशा में हम सबको काम करना है।’’

कई भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की ओर इशारा करते हुए पायलट ने कहा, ‘‘एक के बाद एक प्रकरण हो रहा है, इससे मन आहत होता है। हमें पुख्ता इंतजाम करना पड़ेगा, लोगों का विश्वास जीतना पड़ेगा कि कोई कितना भी बड़ा, ताकतवर व्यक्ति हो, किसी पद पर हो, नेता हो या अधिकारी हो, किसी दल का भी हो.. कहीं का भी हो .. अगर बच्चों की जिन्दगी के साथ खिलवाड़ करेगा ....उसको हम कभी नहीं बख्शेंगे। दोषियों को सूद समेत सजा मिले यह बात हम हमेशा बोलते हैं, पार्टी भी बोलती है और मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द इस दिशा में काम होगा।’’

उन्होंने एक दिन पहले नागौर में दिए अपने भाषण का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मैंने कल भी कहा नागौर में कि बच्चे मेहनत से तैयारी करते हैं... मेहनत करके परीक्षा देते हैं और उनको पता चलता है की पेपर लीक हो गया या परीक्षा रद्द हो गई तो वे भी दुखी होते हैं। हम भी दुखी होते हैं।’’

कार्यक्रम में विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा, विधायक मुकेश भाकर, राज्य जीव जंतु बोर्ड के अध्यक्ष के.सी. बिश्नोई भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 17, 2023 06:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).