खेल की खबरें | पिच उतनी चुनौतीपूर्ण नहीं थी जितना हमने उसे बना दिया : दीप्ति शर्मा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपनी टीम के लचर बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए पिच पर दोष मढ़ने से परहेज करते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए तैयार किया गया विकेट उतना चुनौतीपूर्ण नहीं था जितना कि वह लग रहा था।
मुंबई, 10 दिसंबर भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपनी टीम के लचर बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए पिच पर दोष मढ़ने से परहेज करते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए तैयार किया गया विकेट उतना चुनौतीपूर्ण नहीं था जितना कि वह लग रहा था।
भारतीय टीम शनिवार को खेले हुए मैच में 16.2 ओवर में केवल 80 रन ही बना पाई। पहला मैच 38 रन से गंवाने वाली भारतीय टीम दूसरे मैच में चार विकेट से हार गई जिससे इंग्लैंड तीन मैच की श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने में सफल रहा।
दीप्ति ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘पिच इतनी चुनौतीपूर्ण नहीं थी कि उसमें केवल 70 या 80 रन ही बन पाते। हमें कुछ और रन बनाने चाहिए थे जिससे हमारा स्कोर 110-115 के आसपास पहुंच जाता।’’
उन्होंने कहा,‘‘अगर हमने बीच में साझेदारियां निभाई होती तो हम अच्छे स्कोर तक पहुंच सकते थे। हम इससे सबक लेकर अगले मैच में उतरेंगे।’’
दीप्ति ने गेंदबाजों के प्रयास की प्रशंसा की जिन्होंने इंग्लैंड को आसानी से लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।
उन्होंने कहा,‘‘हम मैच को जितना संभव हो उतना खींचना चाहते थे और गेंदबाजों ने अच्छी भूमिका निभाई। हमने पूर्व में भी इस तरह के मैच खेले हैं। हम सकारात्मक बने रहना चाहते थे।’’
दीप्ति ने कहा,‘‘पहले मैच के लिए विकेट बेहतर था और गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आ रही थी। दूसरे मैच की तुलना में पहले मैच में बल्लेबाजी करना आसान था।’’
इंग्लैंड की ऑफ स्पिनर चार्ली डीन ने भी कहा कि उन्हें पिच से कोई शिकायत नहीं है।
उन्होंने कहा,‘‘दूसरे मैच में काफी विकेट गिरे, लेकिन मुझे पिच को लेकर किसी तरह की शिकायत नहीं है। मैं एक गेंदबाज हूं और मुझे बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन पिच में किसी तरह की खराबी नहीं थी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 10, 2023 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

