देश की खबरें | भतीजी के घर बेटी पैदा होने पर बैतूल में पेट्रोल पंप मालिक ने 10 प्रतिशत तक ज्यादा पेट्रोल दिया

बैतूल (मप्र), 15 अक्टूबर मध्यप्रदेश के बैतूल के एक पेट्रोल पंप संचालक ने मूक-बधिर भतीजी के घर बेटी पैदा होने पर 13 से 15 अक्टूबर के बीच उपभोक्ताओं को पांच से 10 प्रतिशत ज्यादा पेट्रोल दिया । पंप मालिक ने इसकी जानकारी दी।

पेट्रोल पंप संचालक राजेन्द्र सेनानी ने शुक्रवार को बताया, ‘‘अपनी मूक-बधिर भतीजी शिखा के घर बेटी आने पर खुशी को दोगुनी करने के लिए मैंने अपनी इटारसी रोड स्थित डीसी सर्विस पेट्रोल पंप से तीन दिन 13, 14 और 15 अक्टूबर को सुबह 9 से 11 बजे तक और शाम में 5 से 7 बजे तक अतिरिक्त पेट्रोल उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराने का ऐलान किया था।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 100 रूपए के पेट्रोल पर 5 प्रतिशत और 200 से 500 रूपए के पेट्रोल पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त पेट्रोल दिया गया।

सैनानी ने बताया कि मैंने इसकी सूचना पेट्रोल पंप पर चस्पा भी कर दी थी।

इस विशेष ऑफर का लाभ लेने के लिए ऑफर के समय पर इस पेट्रोल पंप पर लोगों की कतार देखी गई और लोग सैनानी के इस अनुकरणीय प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा भी कर रहे थे।

बैतूल जिले के गंज इलाके के रहने वाले सैनानी ने बताया कि मेरे दिवंगत बड़े भाई गोपालदास सैनानी की पुत्री शिखा जन्म से ही मूक-बधिर है। संयोगवश कई वर्ष पहले गोपालदास का बीमारी के बाद निधन हो गया था, तब से मैंने ही शिखा की परवरिश की। इतना ही नहीं मूक-बधिर होने के बावजूद उसका रिश्ता तय करवाकर धूमधाम से शादी करवाई। झाबुआ में ब्याही गयी शिखा का पति भी मूक-बधिर है जो वर्तमान में भोपाल में नौकरी करता है।

उन्होंने कहा कि मूक-बधिर होने के कारण मैंने संकल्प लिया था कि शिखा के यहां नया मेहमान आने पर मैं इसे यादगार लम्हे के रूप में स्थापित करूंगा। नवरात्रि के दौरान नौ अक्टूबर को शिखा के यहां एक नवजात कन्या की किलकारी गूंजी तो पूरे परिवार में जश्न का माहौल था।

सैनानी ने बताया, ‘‘खुशी के इस क्षण में पूरे परिवार ने मिठाईयां भी बांटी और अगले दिन नवजात के माता-पिता मूक-बधिर होने की वजह से इसका नाम भी ध्वनि रख दिया। इसकी भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की जा रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)