एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बाबा सिद्दीकी के खातों से पैसा चुराने के लिए उनका मोबाइल नंबर लेने की कोशिश कर रहा व्यक्ति गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बैंक खातों से पैसा निकालने की मंशा से उनका मोबाइल नंबर कथित तौर पर हासिल करने की कोशिश कर रहे एक पूर्व बैंक कर्मचारी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | बाबा सिद्दीकी के खातों से पैसा चुराने के लिए उनका मोबाइल नंबर लेने की कोशिश कर रहा व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई, आठ जुलाई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बैंक खातों से पैसा निकालने की मंशा से उनका मोबाइल नंबर कथित तौर पर हासिल करने की कोशिश कर रहे एक पूर्व बैंक कर्मचारी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बांद्रा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एमबीए डिग्रीधारी विवेक सभरवाल (48) को रविवार रात राष्ट्रीय राजधानी के बुराड़ी इलाके से गिरफ्तार किया गया।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

उनकी बेटी डॉ. अर्शिया सिद्दीकी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, बाबा की मृत्यु के बाद, परिवार उनके मोबाइल नंबर को सक्रिय रखना चाहता था, और इसलिए उनकी मां शाहजीन सिद्दीकी मोबाइल सेवा प्रदाता को आवेदन देकर उक्त नंबर की 'अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता' बन गईं।

उनकी मां को 25 जून को ‘वोडाफोन आइडिया’ से एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता को 'अपडेट' करने के लिए एक आवेदन दिया गया था।

जब उनकी मां ने उन्हें वह ईमेल दिखाया, तो अर्शिया सिद्दीकी को पता चला कि किसी ने कंपनी में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता को बदलने के लिए एक ईमेल आईडी से आवेदन किया था, जो शाहजीन सिद्दीकी की ईमेल आईडी से मिलती जुलती थी, लेकिन उसमें एक अक्षर का अंतर था।

जब उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी का पता उस मोबाइल नंबर के आधार पर लगाया गया जिसका इस्तेमाल उसने सेवा प्रदाता को आवेदन करने के लिए किया था।

सभरवाल पहले एक बैंक में काम करता था। उसने पुलिस के सामने कथित तौर पर कबूल किया कि वह राकांपा के दिवंगत नेता के नंबर का अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता बनना चाहता था, ताकि उनके बैंक खातों तक पहुंच प्राप्त कर सके और धन चुरा सके।

अधिकारी ने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 02:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).