देश की खबरें | तेलंगाना की जनता ने 10 साल के दमन के शासन से मुक्ति के लिए स्पष्ट जनादेश दिया: राज्यपाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की जनता ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में 10 साल के दमन से खुद को मुक्त कराने के लिए स्पष्ट जनादेश दिया है और सरकार लोगों से किए गए अपने सभी वादों पर खरी उतरेगी।
हैदराबाद, 15 दिसंबर तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की जनता ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में 10 साल के दमन से खुद को मुक्त कराने के लिए स्पष्ट जनादेश दिया है और सरकार लोगों से किए गए अपने सभी वादों पर खरी उतरेगी।
राज्य में कांग्रेस के सत्तारूढ़ होने के बाद विधानमंडल के पहले सत्र के संयुक्त अधिवेशन में अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने कहा कि 2023 इतिहास में दर्ज रहेगा क्योंकि यह साल तेलंगाना की यात्रा में नयी शुरुआत लाने वाला है। उन्होंने कहा कि लोग बदलाव का अनुभव करने लगे हैं।
सौंदरराजन ने कहा, ‘‘तेलंगाना अब स्वतंत्रता की ताजी हवा में सांस ले रहा है। तेलंगाना निरंकुश शासन और तानाशाही प्रवृत्तियों से मुक्त हो गया है।’’
उन्होंने कहा कि तेलंगाना की निर्वाचित सरकार लोगों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए 2014 में एक अलग तेलंगाना राज्य बनाने के लिए सभी लोगों, पार्टियों, नेताओं और तत्कालीन संप्रग सरकार और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को धन्यवाद देती है।
उन्होंने कहा, ‘‘चार करोड़ तेलंगाना वासियों की ओर से मौजूदा सरकार, अलग तेलंगाना राज्य बनाने की प्रक्रिया में निभाई भूमिका के लिए संप्रग की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी का धन्यवाद अदा करती है।’’
राज्यपाल ने तेलंगाना राज्य आंदोलन में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि भी दी।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कुशासन के कारण राज्य में पूरा वित्तीय अनुशासन तबाह हो गया है और यह सरकार बेपटरी हुई आर्थिक स्थिति को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
सौंदरराजन ने कहा, ‘‘हम राज्य की जनता के सामने श्वेतपत्र जारी करके और उन्हें वास्तविक तथ्यों से अवगत कराके प्रत्येक विभाग की माली हालत उनके समक्ष रखेंगे। हम पारदर्शी शासन के तहत श्वेतपत्र जारी करेंगे जैसा हमने जनता से वादा किया था।’’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शपथ-ग्रहण के समय स्पष्ट कहा था कि लोकतंत्र में शासक जनता के सेवक होते हैं और वे सामंतवादी शासक नहीं होते।
उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है और मुख्यमंत्री के शिविर कार्यालय में जनता की शिकायतें सुनने से जुड़ा ‘प्रजा वाणी’ कार्यक्रम इस दिशा में पहला कदम है।
सौंदरराजन ने कहा, ‘‘चुनाव के समय हमने लोगों से वादा किया था कि हम तेलंगाना में ‘इंदिराम्मा राज्यम’ (पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कल्याणकारी शासन) देंगे।’’
राज्यपाल ने कांग्रेस की छह चुनावी ‘गारंटी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेड्डी ने वादे के अनुरूप शपथ लेते ही छह गारंटी को कानूनी शुचिता प्रदान करने के लिए फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सरकार पार्टी घोषणापत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए समर्पित है और इस पर कायम रहेगी।’’
सौंदरराजन ने कहा कि कांग्रेस सरकार अलग तेलंगाना राज्य बनाने में ‘शहीद’ हुए लोगों के परिवारों की पहचान करेगी और उन्हें मकान बनाने के लिए 250 वर्ग गज जगह आवंटित करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार कृष्णा नदी के पानी के तेलंगाना के अधिकारपूर्ण हिस्से का संरक्षण करने के लिए प्रतिबद्ध है और उसका उद्देश्य पलामुरु रंगारेड्डी सिंचाई परियोजना को राष्ट्रीय दर्जा दिलाना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)