देश की खबरें | दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर पार्टी की कर्नाटक इकाई ने मनाया जश्न

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के बाद शनिवार को पार्टी की कर्नाटक इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।

बेंगलुरु, आठ फरवरी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के बाद शनिवार को पार्टी की कर्नाटक इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।

पार्टी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में विश्वास जताया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा, ‘‘यह चुनाव परिणाम पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए एक बड़ा झटका है, जिनकी आम आदमी पार्टी (आप) भ्रष्टाचार विरोधी मुद्दे को चुनावी मुद्दा बनाकर सत्ता में आई थी। इस हार ने केजरीवाल और उनके करीबी सहयोगी मनीष सिसोदिया की छवि को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया है।’’

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने भाजपा की शानदार जीत के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को बधाई दी।

येदियुरप्पा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी को बधाई। 27 साल बाद भाजपा सत्ता में लौटी है - प्रधानमंत्री नरेन्द्र जी के नेतृत्व और पार्टी अध्यक्ष के रूप में आपके मार्गदर्शन में यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।’’

येदियुरप्पा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत लोगों के साथ उसके गहरे जुड़ाव और उसकी बेजोड़ संगठनात्मक शक्ति को दर्शाती है।

उन्होंने भाजपा नेताओं को बधाई देते हुए कहा, ‘‘मैं आपको हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए बधाई देता हूं कि भाजपा एक अनुशासित, मिशन के प्रति दृढ़ शक्ति बनी रहे। जमीनी स्तर पर उनके अथक प्रयासों से पार्टी का संदेश और नीतियां हर घर तक पहुंचाने में मदद मिली। पार्टी और देश के लिए यह गर्व का क्षण है।’’

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय जगन्नाथ भवन में मिठाइयां बांटीं और पटाखे फोड़े।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now