देश की खबरें | ओपीएस मुद्दे से हिमाचल प्रदेश में चुनाव परिणाम पर प्रभाव पड़ा था: पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पिछले साल हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के भाजपा से सत्ता छीनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को स्वीकार किया कि पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के मुद्दे का पहाड़ी राज्य में चुनावी नतीजों पर असर पड़ा था।

पंचकूला (हरियाणा), छह जून पिछले साल हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के भाजपा से सत्ता छीनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को स्वीकार किया कि पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के मुद्दे का पहाड़ी राज्य में चुनावी नतीजों पर असर पड़ा था।

ठाकुर ने यहां एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के पीछे 'ओपीएस प्रभाव' 'सबसे बड़े कारणों में से एक' था।

उन्होंने कहा, “क्योंकि पूरे देश में जनसंख्या अनुपात के मामले में हिमाचल में सरकारी कर्मचारियों की संख्या सबसे अधिक है।”

ठाकुर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के पिछले नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर यहां हरियाणा में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश की पिछली सरकार ने ओपीएस से संबंधित सरकारी कर्मचारियों की मांग का विरोध नहीं किया था, बल्कि इस मुद्दे को हल करने के लिए उनसे समय मांगा था।

उन्होंने कहा, “जब कर्मचारियों ने ओपीएस की मांग की, तो हम इसका विरोध नहीं कर रहे थे। हमने कहा कि हम इस मुद्दे को हल करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। हमारे लिए यह संभव नहीं था कि हम अलग-अलग निर्णय लें और अन्य राज्यों को छोड़ दें जहां भाजपा या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल सत्ता में हैं।”

ठाकुर ने कहा कि इस बीच कांग्रेस ने कह दिया कि वह सरकार बनाने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में राज्य में ओपीएस को बहाल करने का निर्णय लेगी, इसका "निश्चित रूप से प्रभाव पड़ा"।

कांग्रेस ने नवंबर 2022 में हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में ओपीएस की बहाली को प्रमुख मुद्दा बनाया था। इस चुनाव में उसे बहुमत के साथ जीत हासिल हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now