खेल की खबरें | रिकर्व तीरंदाजों के लचर प्रदर्शन के बीच एशियाई खेलों में अनुभवी अतनु दास पर दारोमदार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अनुभवी अतनु दास अब भारत के शीर्ष तीरंदाज नहीं है लेकिन वह पिछले कुछ समय से खराब दौर से गुजर रही भारतीय रिकर्व तीरंदाजी टीम से आगामी एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने की जिम्मेदारी से पूरी तरह वाकिफ हैं।
चेन्नई, 19 सितंबर अनुभवी अतनु दास अब भारत के शीर्ष तीरंदाज नहीं है लेकिन वह पिछले कुछ समय से खराब दौर से गुजर रही भारतीय रिकर्व तीरंदाजी टीम से आगामी एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने की जिम्मेदारी से पूरी तरह वाकिफ हैं।
रिकर्व तीरंदाजी ओलंपिक खेलों का हिस्सा है। पिछले कुछ समय से जहां रिकर्व तीरंदाजी में गिरावट आ रही है वहीं गैर ओलंपिक कंपाउंड तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वर्ग में अब भारत के पास ओजस देवताले और अदिति स्वामी के रूप में दो विश्व चैंपियन है।
पेरिस ओलंपिक से लगभग एक साल पहले आयोजित हो रहे एशियाई खेलों में रिकर्व तीरंदाजों पर अधिक दबाव है जिसमें कोई भी भारतीय विश्व रैंकिंग में शीर्ष -10 में नहीं है।
भारत ने 2010 के ग्वांगझू एशियाई खेलों के बाद से रिकर्व तीरंदाजी में कोई व्यक्तिगत या टीम पदक नहीं जीता है।
अपने तीसरे एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए तैयार दास रिकर्व टीम के सबसे अनुभवी तीरंदाज है। भारतीय पुरुष रिकर्व टीम में सेना के होनहार तीरंदाज धीरज बोम्मदेवरा के साथ मृणाल चौहान और तुषार शेल्के की नये खिलाड़ियों की जोड़ी है।
महिला वर्ग में दो बार की एशियाई खेलों की प्रतिभागी अंकिता भकत को सिमरनजीत कौर, भजन कौर और प्राची सिंह का साथ मिलेगा।
दास ने सोनीपत से ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ मैं टीम में अपनी जिम्मेदारी को लेकर वाकिफ हूं और हर कोई मुझ से मार्गदर्शन ले रहा है। सीनियर खिलाड़ी के तौर पर मैं टीम में अपने काम पर ध्यान केंद्रित रखने और एक टीम के रूप में कड़ी मेहनत करने और जीतने के लिए मार्गदर्शन करता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)