देश की खबरें | गोगोई पर व्यक्तिगत हमले का उद्देश्य शर्मा के भ्रष्टाचार से ध्यान हटाना है: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने रविवार को कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई पर किये गए व्यक्तिगत हमले का उद्देश्य लोगों का ध्यान भाजपा नेता के ‘‘भ्रष्टाचार और कुकृत्यों’’ से हटाना है।
नयी दिल्ली, 18 मई कांग्रेस ने रविवार को कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई पर किये गए व्यक्तिगत हमले का उद्देश्य लोगों का ध्यान भाजपा नेता के ‘‘भ्रष्टाचार और कुकृत्यों’’ से हटाना है।
जोरहाट से कांग्रेस सांसद गोगोई ने उनपर पाकिस्तान से संबंध होने का आरोप लगाने के लिए शर्मा की आलोचना की और राज्य के मुद्दों के कारण मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाया।
असम में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में गोगोई ने कहा कि शर्मा की हालिया टिप्पणी ‘‘पागलपन और बकवास’’ है तथा वह तथ्य प्रस्तुत किए बिना ‘‘आईटी सेल ट्रोल’’ की तरह व्यवहार कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शर्मा के आरोपों की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री द्वारा मेरे सहयोगी गौरव गोगोई पर जारी व्यक्तिगत हमले नृशंस से भी बदतर हैं। श्रीमान एचबीएस (हिमंत विश्व शर्मा) इस तथ्य को समझने में असमर्थ हैं कि एक वर्ष पहले जोरहाट के लोगों ने गौरव गोगोई के पक्ष में भारी मतदान किया था और असम के मुख्यमंत्री तथा उनके सहयोगियों द्वारा संचालित अभियान को पूरी तरह से नकार दिया था।’’
रमेश ने कहा, ‘‘ये हमले असम के मुख्यमंत्री के खुद के भ्रष्टाचार और कुकृत्यों से ध्यान हटाने के लिए भी किये गए। उन्हें अच्छी तरह पता है कि वह असम के निवर्तमान मुख्यमंत्री हैं और इसलिए उनकी हताशा बढ़ती जा रही है।’’
इससे पहले दिन में गोगोई ने शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘‘किसी कारण से जो उन्हें ही पता है, मैं असम में प्रवेश के बाद से ही उनके निशाने पर हूं। उन्होंने पिछले 13 वर्षों में मेरे बारे में कई निराधार टिप्पणियां की हैं। सबसे हालिया टिप्पणी पागलपन और बेतुकी है।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। गोगोई ने कहा, ‘‘अक्सर कहा जाता है कि जब घर में कोई परेशानी होती है, तो उसका असर व्यक्ति की मानसिक स्थिति पर पड़ता है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 2026 के बाद उन्हें कुछ आराम मिले।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)